News24you

News you are looking for

SC में शिया वफ्फ बोर्ड का हलफनामा- राम जन्मभूमि से दूर बने मंदिर

SC में शिया वफ्फ बोर्ड का हलफनामा- राम जन्मभूमि से दूर बने मंदिरनई दिल्ली। अयोध्या मामले में सुप्रीम कोर्ट 11 अगस्त से सुनवाई करेगी और इससे पहले शिया वफ्फ बोर्ड ने अपना हलफनामा दायर किया है। इसमें बोर्ड ने कहा है कि मंदिर का निर्माण राम जन्मभूमि से थोड़ा दूर, मुस्लिम इलाके में किया जाना चाहिए।
इसे लेकर बोर्ड का तर्क है कि दोनों धार्मिक स्थल के पास होने से झगड़े की आशंका होगी, मंदिर और मस्जिद दोनों में लाउडस्पीकर का इस्तेमाल किया जाता है। बोर्ड ने यह भी कहा कि साल 1946 तक बाबरी मस्जिद उनके पास थी अंग्रेजों ने गलत कानून प्रक्रिया से इसे सुन्नी वक्फ बोर्ड को दे दिया था। शिया वक्फ बोर्ड ने कहा कि बाबरी मस्जिद मीर बकी ने बनवाई थी जो कि शिया था।
11 अगस्त से होगी सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या रामजन्म भूमि विवाद मामले की सुनवाई के लिए तीन न्यायाधीशों की विशेष पीठ तय कर दी है। न्यायमूर्ति दीपक मिश्रा, न्यायमूर्ति अशोक भूषण और न्यायमूर्ति अब्दुल नजीर की पीठ अपीलों पर 11 अगस्त से मामले की सुनवाई करेगी। इस विशेष पीठ के गठन के बाद सात वर्षो से लंबित इस मामले में नियमित सुनवाई और जल्दी निपटारे की उम्मीद जगी है।
रामजन्म भूमि विवाद मामले में जमीन के तीन बराबर हिस्सों में बंटवारे के इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश को भगवान रामलला विराजमान सहित सभी पक्षों ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दे रखी है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट के फैसले पर रोक लगा रखी है और पक्षकारों को यथास्थिति बनाए रखने के आदेश दिए हैं।
गौरतलब है कि इलाहाबाद हाई कोर्ट की तीन न्यायाधीशों की पीठ ने 30 सितंबर, 2010 को दो-एक के बहुमत से फैसला सुनाया था। बाद में सर्वोच्च न्यायालय ने इस फैसले पर अंतरिम रोक लगा दी थी। साथ ही मामला लंबित रहने तक विवादित भूमि पर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *