महापौर के विकास विजन से संवर रहे शहर के सभी वार्ड,राममनोहर लोहिया वार्ड में दो और निर्माण कार्यों की रखी आधारशिला कुशवाहा नगर में एवं हरिजन बस्ती में 54.47 लाख की लागत से बेहतर होगी जल निकासी व्यवस्था
तपन निषाद/कटनी – नगर के सर्वांगीण विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और प्रत्येक वार्ड को मजबूत बुनियादी सुविधाओं से सुसज्जित करने की दिशा में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के प्रयासों से विकास कार्यों को निरंतर गति मिल रही है। इसी क्रम में राममनोहर लोहिया वार्ड को 54.47 लाख रुपये की लागत के दो महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की सौगात मिली। महापौर श्रीमती सूरी ने क्षेत्रीय पार्षद श्री उमेंद्र अहिरवार एवं स्थानीय नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति में दोनों निर्माण कार्यों का विधि-विधान से भूमिपूजन कर कार्यों का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य सर्वश्री डॉ. रमेश सोनी, पार्षद श्रीमती शकुंतला सोनी एवं श्रीमती सीमा श्रीवास्तव, एल्डरमैन श्री नरेश अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामय उपस्थिति रही। साथ ही बड़ी संख्या में मातृशक्तियों एवं वार्डवासियों ने उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
जल निकासी व्यवस्था होगी बेहतर, नागरिकों को मिलेगी राहत
राममनोहर लोहिया वार्ड के कुशवाहा नगर में 25.34 लाख रुपये की लागत से सीसी नाली निर्माण तथा हरिजन बस्ती में 29.13 लाख रुपये की लागत से पक्के नाला निर्माण कार्य कराया जाएगा। इन दोनों कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से स्थानीय रहवासियों को राहत मिलेगी। साथ ही स्वच्छता और सुव्यवस्थित वातावरण को बढ़ावा मिलेगा।
विकास कार्यों के माध्यम से हर वार्ड तक पहुंचेंगी बेहतर सुविधाएं – महापौर
इस अवसर पर महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड का संतुलित विकास और नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। नाली एवं नाला निर्माण जैसे कार्य सीधे तौर पर नागरिकों के दैनिक जीवन को सुविधाजनक बनाने से जुड़े हैं। हमारा प्रयास है कि विकास का लाभ शहर के प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे। उन्होंने निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने की बात भी कही।
वार्ड की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देकर आगे बढ़ रहा विकास – पार्षद उमेंद्र अहिरवार
क्षेत्रीय पार्षद श्री अहिरवार ने कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप नाली एवं नाला निर्माण जैसे कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि नागरिकों को स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के सहयोग एवं नगर निगम प्रशासन के समन्वय से वार्ड में विकास कार्यों को गति मिल रही है। हमारा प्रयास है कि वार्ड के प्रत्येक क्षेत्र तक जरूरी सुविधाएं पहुंचे और नागरिकों की समस्याओं का निराकरण हो।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की सहभागिता से विकास को मिल रही नई दिशा*
कार्यक्रम मे स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में आवश्यक नाली एवं नाला निर्माण कार्यों की शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए महापौर,क्षेत्रीय पार्षद के प्रति आभार जताया।

