Thursday, November 26, 2026
Latest:
HOME

सुविधाओं से ही समृद्ध और सशक्त बनेगा कटनी,महापौर ने रखा विकास का नया संकल्प राममनोहर लोहिया वार्ड के प्रजापति मोहल्ला में 25.73 लाख के नाला निर्माण का भूमिपूजन संपन्न

तपन निषाद/कटनी – नगर के सर्वांगीण विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं प्रत्येक वार्ड को बेहतर बुनियादी सुविधाओं से सुसज्जित करने के संकल्प के साथ महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के नेतृत्व में विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है,महापौर की विकासोन्मुखी सोच एवं जनहित को प्राथमिकता देने वाली कार्यशैली के परिणामस्वरूप शहर के विभिन्न वार्डों में आवश्यक निर्माण कार्यों को गति मिल रही है। इसी क्रम में राममनोहर लोहिया वार्ड के प्रजापति मोहल्ला में 25.73 लाख रुपये की लागत से नाला निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन महापौर,क्षेत्रीय पार्षद श्री उमेंद्र अहिरवार सहित जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में मातृशक्तियों के करकमलों से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य सर्वश्री डॉ. रमेश सोनी, पार्षद श्रीमती शकुंतला सोनी एवं श्रीमती सीमा श्रीवास्तव, एल्डरमैन श्री नरेश अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामय उपस्थिति रही। साथ ही बड़ी संख्या में मातृशक्तियों एवं वार्डवासियों ने उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
जलभराव से राहत एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने की दिशा में निर्माण कार्य
प्रजापति मोहल्ला में नाला निर्माण कार्य क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी, जिससे वर्षा के दौरान जलभराव की स्थिति से राहत मिलने के साथ स्वच्छता एवं व्यवस्थित आवागमन को बढ़ावा मिलेगा। महापौर श्रीमती सूरी द्वारा वार्डवार आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दिए जाने से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार का कार्य आगे बढ़ रहा है। नगर के विकास को केवल प्रमुख क्षेत्रों तक सीमित न रखते हुए वार्डों में भी आवश्यक सुविधाओं का विस्तार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
सुविधाओं से ही समृद्ध और सशक्त बनेगा कटनी : महापौर
शहर के सर्वांगीण विकास की दिशा में कदम बढ़ाते हुए महापौर श्रीमती सूरी ने स्पष्ट किया कि नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना ही उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी शहर की वास्तविक तरक्की तब तक संभव नहीं है, जब तक हर गली, मोहल्ले और वार्ड तक मूलभूत सुविधाएं सहज रूप से न पहुंचें। महापौर के अनुसार सड़क, पेयजल, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था जैसी बुनियादी जरूरतों को मजबूत करने से शहर की तस्वीर बदलेगी और आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार होगा।
क्षेत्रीय पार्षद श्री उमेंद्र अहिरवार ने नाला निर्माण कार्य के भूमिपूजन पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि मोहल्ले में नाला निर्माण की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इस निर्माण कार्य के पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी और स्थानीय स्तर पर जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी। उन्होंने वार्ड की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान करने पर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कहा कि वार्ड में नागरिक सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के नेतृत्व में नगर निगम कटनी द्वारा वार्डों में आवश्यक विकास कार्यों के माध्यम से शहर की आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने, नागरिक सुविधाओं में सुधार एवं स्वच्छ, सुंदर तथा व्यवस्थित कटनी के निर्माण की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं।

Tapan Nishad

Tapan Nishad serves as the Senior Editor at News24you. With extensive experience in journalism and regional news coverage, he ensures that every story published on News24you adheres to the highest standards of fact-checking, accuracy, and editorial integrity before going live Contect: 7000052502 & 9993322038