आउटसोर्स कर्मचारियों को नहीं किया जाएगा बाहर, वर्तमान व्यवस्था रहेगी जारी : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव,कर्मचारी कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध, भ्रामक खबरों पर न दें ध्यान; रिक्त पदों पर भर्ती का क्रम भी रहेगा जारी
भोपाल। मध्यप्रदेश में आउटसोर्स कर्मचारियों को नौकरी से बाहर किए जाने की चर्चाओं पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विराम लगाते हुए स्पष्ट किया है कि किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी को बाहर नहीं किया जाएगा। आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति के संबंध में वर्तमान में लागू व्यवस्था यथावत जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को बाहर करने के संबंध में फैलाई जा रही बातें भ्रामक हैं और राज्य सरकार कर्मचारी कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित संवाद भवन में विभिन्न कर्मचारी संगठनों द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग के अध्यक्ष श्री रमेश शर्मा के नेतृत्व में लगभग 40 कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का गजमाला पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी सरकार की ताकत और पहचान उसके कर्मचारियों की बुलंदी से होती है। कर्मचारियों के चेहरों पर मुस्कान होगी, तभी प्रदेश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए सरकार और अधिकारी-कर्मचारी एक परिवार की तरह मिलकर कार्य कर रहे हैं।
कर्मचारियों का सम्मान और आर्थिक सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार नीतियां और योजनाएं बनाती है, लेकिन उन्हें धरातल पर उतारकर अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का काम कर्मचारी करते हैं। इसलिए कर्मचारियों का सम्मान और उनके परिवार की आर्थिक सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने शासकीय सेवाओं में नियुक्ति एवं कार्यरत कर्मचारियों के लिए दो संतान की सीमा संबंधी नीति को समाप्त करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इसके साथ ही सहायक ग्रेड-3 के समकक्ष पदों पर पदोन्नति के लिए कुछ शर्तों के साथ सीपीसीटी की अनिवार्यता से छूट दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में रिक्त पदों पर भर्ती का सिलसिला लगातार जारी रहेगा। प्रदेश के विभिन्न विभागों में एक लाख से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया है, जिससे विभागों में युवा और ऊर्जावान कर्मचारियों को आगे बढ़ने का अवसर मिला है।
अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों का तेजी से हो रहा निराकरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारियों के हित में कम्प्यूटर प्रोफेशियन्सी सर्टिफिकेट टेस्ट सहित लगभग 26 प्रकार के भत्तों का पुनरीक्षण किया गया है। कर्मचारियों को वेतन और भत्तों का भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि दिवंगत शासकीय सेवकों के परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों का तेजी से निराकरण किया जा रहा है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा ही एक हजार से अधिक अनुकंपा नियुक्तियां दी गई हैं।
इसके अलावा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को महंगाई भत्ता देने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की सहमति लेने की पुरानी व्यवस्था को भी समाप्त किया गया है। कर्मचारियों की समस्याओं और विभिन्न विषयों के समाधान के लिए मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग का गठन किया गया है।
कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री के निर्णयों की सराहना की
भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री श्री कुलदीप सिंह गुर्जर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कर्मचारियों की वर्षों से लंबित समस्याओं का निराकरण कर संवेदनशीलता का परिचय दिया है। प्रदेश सरकार ने पदोन्नति, वेतन विसंगतियों और अनुकंपा नियुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक निर्णय लिए हैं।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश का इकलौता राज्य है, जहां कर्मचारी कल्याण आयोग और कर्मचारी कल्याण समिति दोनों कार्यरत हैं। कर्मचारियों के परिवारों के हित में दो संतान की सीमा समाप्त करने का निर्णय भी सराहनीय है।
कार्यक्रम में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने पदोन्नति, वेतन-भत्तों में वृद्धि, दो संतान की सीमा समाप्त करने सहित कर्मचारी हित में लिए गए निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष श्री संतोष कुमार गांधी, लघु वेतन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री महेंद्र शर्मा, शिक्षक कांग्रेस के अध्यक्ष श्री नवनीत चतुर्वेदी, राज्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री हेमंत श्रीवास्तव, अनुसूचित जाति-जनजातीय अधिकारी-कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष श्री मुकेश मौर्य, संविदा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री रमेश राठौर सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री जितेंद्र श्रीवास्तव ने किया।

