Tuesday, November 24, 2026
Latest:
HOMEKATNI

बदहाली: वैध होने के बाद भी बुनियादी सुविधाओं को तरस रही मित्र विहार कॉलोनी, जलभराव से फैल रही बीमारियाँ जनसुनवाई में तीन बार गुहार लगाने के बाद भी नहीं जागा प्रशासन; बोरवेल के पानी में आ रही बदबू, लोगों ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार

बदहाली: वैध होने के बाद भी बुनियादी सुविधाओं को तरस रही मित्र विहार कॉलोनी, जलभराव से फैल रही बीमारियाँ

जनसुनवाई में तीन बार गुहार लगाने के बाद भी नहीं जागा प्रशासन; बोरवेल के पानी में आ रही बदबू, लोगों ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहा

 

कटनी। शहर से महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित गायत्रीनगर (वार्ड क्रमांक 21) की मित्र विहार कॉलोनी के निवासी इन दिनों नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। कॉलोनी के वैध होने के बावजूद यहाँ जल निकासी और सड़कों की कोई व्यवस्था नहीं है। इस गंभीर समस्या को लेकर कॉलोनीवासियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द नाली और सड़क निर्माण करवाने की मांग की है।

सड़ रहे पानी से बोरवेल का पानी भी हुआ दूषित

निवासियों ने अपने शिकायती पत्र में बताया कि वे नीरज टॉकीज और आचार्य आईटीआई कॉलेज के पीछे स्थित इस कॉलोनी में पिछले 10-15 वर्षों से निवासरत हैं। कॉलोनी के लगभग 100×200 मीटर के क्षेत्र में पूरी कॉलोनी की नालियों का गंदा पानी एकत्रित होता है। निकासी की व्यवस्था न होने के कारण यह पानी साल भर जमा होकर सड़ता रहता है। स्थिति इतनी भयावह हो चुकी है कि गंदे पानी के रिसाव से घरों के बोरवेल के पानी में भी बदबू आने लगी है, जिससे लोगों के सामने पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया है।

बच्चों और बुजुर्गों पर मंडरा रहा गंभीर बीमारियों का खतरा

जलभराव के कारण कॉलोनी की सड़कें जगह-जगह से पूरी तरह टूट चुकी हैं, जिससे पैदल चलना भी दूभर हो गया है। वहीं, जमा गंदे पानी के कारण मच्छरों का आतंक इतना बढ़ गया है कि लोगों का रात भर सोना मुश्किल हो गया है। कॉलोनी के छोटे बच्चों और बुजुर्गों में लगातार इन्फेक्शन और अन्य गंभीर बीमारियाँ फैलने का खतरा बना हुआ है।

जनसुनवाई के आवेदनों पर भी नहीं हुई कार्रवाई

स्थानीय लोगों का आरोप है कि वे इस समस्या को लेकर क्षेत्रीय पार्षद को अवगत कराने के साथ-साथ पूर्व में कई बार पत्राचार कर चुके हैं। इसके अलावा 18 जून, 25 जून और 2 जुलाई को आयोजित जनसुनवाई में भी आवेदन देकर गुहार लगाई गई, लेकिन प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

निवासियों ने दी चेतावनी और की निरीक्षण की मांग

कलेक्टर से कॉलोनी का स्वयं निरीक्षण कर यथास्थिति देखने की मांग करने वालों में सूर्यभान सिंह, बबीता सिंह, अनिष्का, पृथ्वीराज सिंह, नामिका, रज्जन प्रसाद, रोशनी राय और प्राची विश्वकर्मा सहित समस्त मित्र विहार कॉलोनीवासी शामिल हैं।