Thursday, November 12, 2026
Latest:
HOMEKATNIMADHYAPRADESH

Road Accident NH 30 दो ट्रकों में भीषण भिड़ंत, एक की मौत, एक गंभीर

Road Accident नेशनल हाईवे नंबर-30 पर सिहोरा के पास पहरेवा नाका में सोमवार की रात करीब आठ बजे दो ट्रकों में भीषण भिड़ंत हो गई। खितौला थाना क्षेत्र में फोरलेन सड़क पर हुई इस दुर्घटना में एक ट्रक (लोडिंग वाहन) के परखच्चे उड़ने के साथ ही उसके चालक की मौत हो गई। दूसरे ट्रक का सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के साथ उसका चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

मौके पर पहुंची खितौला पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकालकर सिविल अस्पताल सिहोरा भेजा, जहां से उन्हें मेडिकल कालेज जबलपुर रेफर कर दिया गया। यह दुर्घटना होते ही सड़क पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने किसी तरह वाहनों को सड़क से किनारे कराया और स्थिति सामान्य बनाने में जुट गई।

पुलिस के अनुसार पहरेवा नाका के पास रात आठ बजे दो ट्रकों के बीच आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना लोडिंग वाहन में मटर लोड कर इलाहाबाद जा रहे चालक सनी यादव (30) की मौत हो गई। उक्त वाहन की पहरेवा नाका के पास सामने से आ रहे धान से लदे ट्रक क्रमांक एमपी-66 एच 0471 से भिड़ंत हो गई। पुलिस द्वारा देर रात तक दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त करके उनके चालकों, घटना के अन्य घायलों के बारे में जानकारी जुटाई जाती रही।