ग्राम खम्हरिया नं.1 के शासकीय खेल मैदान में दबंगों ने अवैध कब्जा का किया प्रयास। ग्रामीणों ने तहसीलदार और मुख्यकार्यपालन अधिकारी के नाम सौंपा ज्ञापन, और कार्यवाही नहीं हुई तो होगा जनआंदोलन।
रीठी। कटनी जिला अंतर्गत रीठी विकासखंड के ग्राम खम्हरिया नं.1 में आज ग्रामवासियों द्वारा शासकीय हाई स्कूल के पास बने शासकीय खेल मैदान में ग्राम के दबंगो द्वारा अवैध कब्जा का मामला सामने आया है जिस पर ग्रामवासियों और ग्राम के युवाओं द्वारा आज तहसीलदार महोदय और मुख्यकार्यपालन अधिकारी रीठी व थाना प्रभारी को ज्ञापन सौपकर दोषियों को गिरफ्तार कर सख्त सजा देने के लिए ज्ञापन दिया गया है और ग्रामवासियों द्वारा चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र कार्यवाही नहीं हुई तो विशाल जन आंदोलन किया जाएगा जिसकी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी। विगत एक सप्ताह से ग्राम के कुछ लोगों द्वारा रात्रि में खेल परिसर को अस्त व्यस्त कर जेसीबी के द्वारा प्लाटिंग की जा रही है व अवैध कब्जा किया जा रहा है साथ ही खेल मैदान को खत्म किया जा रहा है साथ ही अवगत कराना चाहेंगे कि ग्राम खम्हरिया नं.1 में भ्रष्टाचार अपनी चरम सीमा पर है, पूर्व में मध्यप्रदेश शासन व खेल एवं युवक कल्याण विभाग की मंशानुरूप युवाओं के सर्वांगीण विकास हेतु प्रत्येक ग्राम में उपलब्ध शासकीय भूमि में से ग्राम के होनहार प्रतिभावान युवाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से लाखों रुपये की लागत से शासकीय खेल मैदान बनवाया गया इसके पश्चात ग्राम के प्रधान जी व पटवारी और गणमान्य नागरिकों की मदद से यह जमीन किसी दिल्ली के व्यवसायी को बेंच दी गई और बदले में यह कहकर की यह भूमि गलत चिन्हित की गई है यह निजी भूमि है, यहां सरकार का कई लाख रु पानी में बह गया म इसके बाद शासकीय हाई स्कूल के सामने शासकीय भूमि जो पड़ी थी उसमें खेल मैदान बनवाने की घोषणा हुई किंतु उसमें आजतक एक रुपये का काम नहीं हो सका और बीते दो दिनों से असामाजिक तत्वों द्वारा रात में जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर की मदद से जबरन खुदाई और कब्जा किया जा रहा है, यह कार्य शासकीय भूमि पर किसकी अनुमति से रातोंरात किया जा रहा है और उसका क्या प्रयोजन है, समझ के परे है। विनम्र निवेदन है कि इस पर त्वरित कार्यवाही करते हुए इस शासकीय भूमि पर स्थित खेल मैदान को बचाने व उसके विकास हेतु भूमि आरक्षित कर खेल विभाग से इसके विकास हेतु समुचित व्यवस्था करने की कृपा करें अन्यथा अब यह एकमात्र खेल मैदान मिटने से ग्राम के होनहार युवाओं के लिए खेल अब एक किसी सपने से कम नहीं होगा। यह भूमि खसरा नंः 1126 पर स्थित है, इसकी जाँच कराकर बाउंड्रीवाल का निर्माण कराकर व्यवस्थित किया जाये अन्यथा पुनः किसी दबंग का कब्जा हो जाएगा। अतः आपसे विनम्र निवेदन है कि दोषियों को सख्त सजा देते हुए कार्यवाही करने की कपा करें ताकि भविष्य में ऐसे कोई भी लोग शासकीय खेल मैदान को नुकसान न पहुँचा सकें। यह सार्वजनिक जनहित के मुद्दे को प्राथमिकता से ध्यान में रखते हुए उचित न्याय व कार्यवाही करने की कृपा करें। इस अवसर पर ग्राम के श्री श्याम सुंदर विश्वकर्मा, निर्भय सिंह यादव, कमलेश यादव, राजेश यादव,भारत यादव, शिवप्रसाद यादव, विनोद यादव, पुरुषोत्तम यादव, रज्जन विश्वकर्मा, रामसिंह, अजय, सुधीर, छोटू, प्रांशु, शुभम, विक्की सहित ग्रामवासियों की उपस्थिति रही।

