Tuesday, November 3, 2026
Latest:
KATNI

जनसुनवाई: जनहित के विषयों पर महापौर प्रीति सूरी ने नागरिकों से किया सीधा संवाद,नागरिकों की सुविधा और संतुष्टि सर्वोपरि, प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ समयबद्ध कार्रवाई करें अधिकारी

तपन निषाद/कटनी– शहर के नागरिकों की समस्याओं को सुनना, उनकी अपेक्षाओं को समझना और प्रत्येक आवेदन के समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में आयोजित महापौर जनसुनवाई में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने शहर के विभिन्न वार्डों से पहुंचे नागरिकों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं मांगों को विस्तारपूर्वक सुना। जनसुनवाई के दौरान महापौर ने प्रत्येक आवेदक की बात को गंभीरता से समझा और संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ प्रकरणों पर चर्चा कर उनके निराकरण की दिशा में आवश्यक निर्देश दिए।

*🔹 समस्याओं को समझने का प्रयास, हर आवेदन पर हुई गंभीरता से चर्चा*

जनसुनवाई में शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण, आवास योजना सहित नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर आवेदन प्रस्तुत किए। महापौर श्रीमती सूरी ने नागरिकों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त प्रत्येक आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिन मामलों में तत्काल निर्णय एवं कार्रवाई संभव थी, उनमें मौके पर ही अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

*🔹 नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो, जवाबदेही के साथ हो कार्यवाही*

महापौर श्रीमती सूरी ने अधिकारियों से कहा कि नगर निगम से संबंधित कार्यों एवं नागरिक समस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता और तत्परता का विशेष ध्यान रखा जाए। नागरिक अपनी समस्या के समाधान की उम्मीद लेकर नगर निगम पहुंचते हैं, इसलिए उनकी बात को पूरी गंभीरता से सुनना और उन्हें उचित मार्गदर्शन देना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी नागरिक को नगर निगम से संबंधित कार्य के लिए बार-बार कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रत्येक आवेदन पर संबंधित विभाग समय-सीमा निर्धारित कर कार्रवाई करे तथा प्रकरण के निराकरण की प्रगति पर भी ध्यान रखे।

*🔹 जनता से निरंतर संवाद ही बेहतर नगरीय व्यवस्था का आधार*

महापौर ने कहा कि शहर का विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं का बेहतर लाभ मिलना और उनकी समस्याओं का संतोषजनक समाधान होना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। जनसुनवाई नागरिकों और नगर निगम के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम है। इसके जरिए आमजन अपनी बात सीधे रख सकते हैं और उनकी समस्याओं पर संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा कर समाधान की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकती है।

Tapan Nishad

Tapan Nishad serves as the Senior Editor at News24you. With extensive experience in journalism and regional news coverage, he ensures that every story published on News24you adheres to the highest standards of fact-checking, accuracy, and editorial integrity before going live Contect: 7000052502 & 9993322038