Tuesday, November 3, 2026
Latest:
KATNI

राष्ट्र रक्षक यु ट्यूब न चैनल के संपादक सहित तीन लोगों पर 10 लाख रुपये मांगने और बदनाम करने का आरोप, पुलिस अधीक्षक से शिकायत

तपन निषाद/कटनी-शहर के एक प्रॉपर्टी डीलर ने राष्ट्र रक्षक न्यूज चैनल के संपादक सहित तीन लोगों के खिलाफ क्रिकेट सट्टा खिलाने की झूठी खबर प्रसारित कर सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल करने, 10 लाख रुपये की अवैध मांग करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़ित दीपक भैरवानी निवासी संतनगर, शंभू टॉकीज रोड, नई बस्ती ने पुलिस अधीक्षक कटनी को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
शिकायत में दीपक भैरवानी ने बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग का व्यवसाय करते हैं, जबकि उनके बड़े भाई विजय भैरवानी सेटमैप कंपनी में ठेकेदारी का काम करते हैं। दोनों का व्यवसाय अलग-अलग है। उनके अनुसार, कुछ समय पूर्व उनके भाई विजय भैरवानी को जुआ एक्ट के मामले में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद से ही कुछ लोगों द्वारा उनका नाम भी क्रिकेट सट्टा खिलाने के मामले में जोड़कर न्यूज चैनल और सोशल मीडिया पर खबरें प्रसारित की जा रही हैं।
आवेदन में राष्ट्र रक्षक न्यूज चैनल के संपादक सुजीत सिंह, संदीप कुमार वर्मा और चैनल के एडमिन  पर आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि 2 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 4 बजे उसे सिटी कंप्यूटर में बुलाया गया, जहां बातचीत के दौरान कथित रूप से उससे 10 लाख रुपये की मांग की गई। रुपये नहीं देने पर न्यूज चैनल के माध्यम से बदनाम करने और प्रतिष्ठा खराब करने की बात कही गई।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि इस पूरे घटनाक्रम से वह और उसका परिवार मानसिक रूप से परेशान हैं तथा उन्हें जान-माल का खतरा बना हुआ है। उसने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने और परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।