Tuesday, October 27, 2026
Latest:
HOMEराष्ट्रीय

Firozpur Punjab Updates: बठिंडा एयरपोर्ट पर अधिकारियों से बोले पीएम मोदी- सीएम को थैंक्स कहना मैं जिंदा लौट पाया

Firozpur Punjab Updates: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिरोजपुर में होने वाली रैली रद्द कर दी गई है। यूं तो बारिश को इसका कारण बताया गया, लेकिन समाचार एजेंसी ANI ने पीएम मोदी के हवाले से जो जानकारी दी है, उससे सियासी भूचाल आ गया है। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली से बठिंडा पहुंचे। खराब मौसम के कारण यहां से सड़क के रास्ते फिरोजपुर के लिए रवाना हुए, लेकिन बीच में एक पुल पर भीड़ के कारण रुकना पड़ा। यह पीएम की सुरक्षा में बहुत बड़ी चूक रही। करीब 20 मिनट वहां रुकने के बाद पीएम मोदी वापस बठिंडा रवाना हो गए। यहां एयरपोर्ट पर पीएम मोदी ने अधिकारियों से कहा कि अपने सीएम को थैंक्स कहना कि मैं बठिंडा एयरपोर्ट तक जिंदा लौट पाया।

भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि उन पर जगह जगह हमले हुए। पुलिस ने भी रोकने की कोशिश की। वहीं पुलिस का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ता अव्यवस्था फैला रहे हैं। इस बीच, केंद्रीय मंत्री अश्वनी शर्मा का आरोप पंजाब सरकार ने प्रधानमंत्री को सुरक्षा नहीं दे सकी। रैली रद्द करने की घोषणा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने मंच से की। उन्होंने कहा कि कुछ कारणों से पीएम नहीं आ सके हैं। यह रैली आगे होगी और पीएम मोदी आपसे मिलने जरूर आएंगे।

वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीएम मोदी की सुरक्षा में भारी चूक हुई है। दरअसल, पीएम मोदी विमान से भटिंडा पहुंचे। यहां से सड़क मार्ग से उनका काफिला रवाना हुआ, जिसे बीच में कुछ लोगों द्वारा कथिततौर पर रोक दिया गया। पीएम करीब 20 मिनट तक इंतजार करते रहे। इसके बाद दौरा रद्द कर दिया गया।

जानिए क्या था पूरा प्रोग्राम

कार्यक्रम के मुताबिक पीएम मोदी पंजाब के फिरोजपुर में 42,750 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखने आ रहे थे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, पीएम दोपहर 1 बजे होने वाले कार्यक्रम के लिए फिरोजपुर पहुंचेंगे। हाल ही में समाप्त हुए किसान आंदोलन और इसी साल होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले पीएम मोदी का यह दौरा बहुत अहम माना जा रहा था। पीएम मोदी की इस रैली के जरिए भाजपा पंजाब में अपने चुनावी शंखनाद का आगाज करने जा रही थी।

पीएम मोदी जिन परियोजनाओं की आधारशिला रखने वाले थे, उनमें शामिल हैं- दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे, अमृतसर-ऊना सेक्शन और मुकेरियां-तलवाड़ा न्यू ब्रॉड गेज रेलवे लाइन को फोर लेन करना। प्रधानमंत्री फिरोजपुर में पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर) के उपग्रह केंद्र की आधारशिला भी रखेंगे, जो कि 490.5 करोड़ के बजट में बनाया जाएगा। इसमें 30 गहन देखभाल और उच्च निर्भरता बिस्तर शामिल होंगे। इसमें छोटे और बड़े ऑपरेशन थिएटर के साथ-साथ 10 क्लिनिकल स्पेशलिटी विभाग और पांच अन्य सहायक विभाग भी होंगे। यह इंटरनल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, प्लास्टिक सर्जरी, न्यूरोसर्जरी, ऑब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी, पीडियाट्रिक्स, ऑप्थल्मोलॉजी, ईएनटी और साइकियाट्री-ड्रग डी-एडिक्शन सहित 10 विशिष्टताओं में सेवाएं प्रदान करेगा।

Anubhav Shukla

Website Developer & Editor with 3 years of experience in regional news reporting and Managing News Website. Mobile: +919425156783 💬 Chat on WhatsApp