अतिक्रमण के विरुद्ध निगम का अभियान तेज, 32 लोगों पर लगाया 10,200 रुपये का जुर्माना

तपन निषाद/कटनी-नगर पालिक निगम कटनी द्वारा शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने एवं सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमणमुक्त रखने के उद्देश्य से लगातार अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 22 सितंबर को निगम के अतिक्रमण दल द्वारा गोल बाजार, झंडा बाजार, माधवनगर, मुख्य स्टेशन मार्ग, बस स्टैंड, आजाद चौक सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यवाही की गई।
अभियान के दौरान सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर दुकान का सामान बाहर रखकर आवागमन बाधित करने, अस्थायी रूप से अतिक्रमण करने एवं निगम के निर्देशों का पालन नहीं करने वाले कुल 32 लोगों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए 10,200 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
निगम की टीम द्वारा कार्यवाही के साथ ही दुकानदारों एवं व्यापारियों को समझाइश दी गई कि वे अपनी दुकानों की सामग्री निर्धारित सीमा के भीतर रखें तथा सड़क, फुटपाथ एवं सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार की सामग्री रखकर आवागमन बाधित न करें। संबंधितों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई।
नगर निगम द्वारा नागरिकों से भी अपील की गई है कि सार्वजनिक मार्गों एवं फुटपाथों को आवागमन के लिए सुगम बनाए रखने में सहयोग करें। निगम द्वारा शहर के प्रमुख बाजारों, मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि नागरिकों को सुगम आवागमन के साथ व्यवस्थित एवं बेहतर शहर का वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।








