Saturday, October 31, 2026
Latest:
HOMEराष्ट्रीय

Amravati Murder Case: उमेश कोल्हे का जिगरी दोस्त था हत्याकांड में शामिल यूसुफ खान, अंतिम संस्कार में भी हुआ था शामिल

Amravati Murder Case: उदयपुर में हुई कन्हैयालाल की बर्बर हत्या से भी पहले महाराष्ट्र के अमरावती में उसी प्रकार हुई दवा व्यवसायी उमेश कोल्हे की हत्या की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने अपने हाथ में ले ली है। 21 जून को हुई इस हत्या के सिलसिले में मास्टरमाइंड शेख इरफान शेख रहीम सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इरफान सातवां आरोपी है जिसे गिरफ्तार किया गया है। वह फरार होने की फिराक में था, तभी पुलिस ने दबोच लिया। इरफान एनजीओ चलाता है।

Amravati Murder Case: हत्याकांड में उमेश का जिगरी दोस्त भी शामिल

उमेश के भाई महेश कोल्हे ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। महेश ने बताया कि हत्याकांड में शामिल यूसुफ खान अमरावती में डॉक्टर है और उमेश से उसकी अच्छी दोस्ती थी। यूसुफ मेडिकल पर आकर दवाएं खरीदता था। यही नहीं, कई बार उमेश के घर भी आया। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद यूसुफ ने बचने की कोशिश भी की। वह उमेश के अंतिम संस्कार में शामिल हुआ ताकि किसी को पता न चले और शक न हो। आखिरकार उसे पकड़ ही लिया गया। पुलिस के मुताबिक, यूसुफ डॉक्टरों और मेडिकल वालों के उस व्हाट्सऐप ग्रुप में था, जिसमें उमेश ने नूपुर शर्मा के समर्थन वाला पोस्ट फारवर्ड किया था। यहां से उमेश की पोस्ट को यूसुफ ने शेख इरफान तक पहुंचाया। फिर इरफान ने हत्याकांड की साजिश रची।

Amravati Murder Case: कौन है अमरावती हत्याकांड का मास्टरमाइंड इरफान

पुलिस उपायुक्त विक्रम साली के अनुसार, मृतक के पुत्र संकेत द्वारा लिखाई गई एफआइआर के बाद 23 जून को दो आरोपितों मुदस्सिर अहमद एवं शाहरुख पठान को गिरफ्तार कर लिया गया था। दोनों से पूछताछ के दौरान चार और लोगों के नाम सामने आए। इनमें से तीन अब्दुल तौफीक, शोएब खान एवं आतिब रशीद को भी 25 जून को गिरफ्तार कर लिया गया था। हत्याकांड के मास्टरमाइंड माने जा रहे इरफान एवं वेटरेनरी डाक्टर यूसुफ खान को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। नागपुर से गिरफ्तार इरफान ने ही दो लोगों को उमेश पर नजर रखने को कहा था। उसने हत्याकांड को अंजाम देने के लिए हत्यारों को 10 हजार रुपये एवं एक कार का इंतजाम भी किया था।

Anubhav Shukla

Website Developer & Editor with 3 years of experience in regional news reporting and Managing News Website. Mobile: +919425156783 💬 Chat on WhatsApp