Panna Diamond पन्ना में मिला दुर्लभ हीरा, नोएडा के व्यवसायी की किस्मत खुल गयी
Panna Diamond Mine. पन्ना की खदानों ने फिर बेशकीमती हीरा उगला है. इस बार नोएडा के एक व्यवसायी की किस्मत खुल गयी है. पूरे 4.57 कैरेट का हीरा निकला है. इसकी कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गयी है. हीरा फिलहाल जमा करा दिया गया है. 22 फरवरी को उसकी बोली लगायी जाएगी.
बेशकीमती हीरों के लिए विश्व विख्यात नगरी पन्ना में उत्तर प्रदेश नोएडा के रहने वाले राणा प्रताप सिंह की किस्मत चमक गई है. उन्हें खुदाई के दौरान 4.57 कैरेट का बेशकीमती हीरा मिला है. ये हीरा पन्ना की भरका उथली खदान ने उगला. राणा प्रताप सिंह ने इसे पन्ना के हीरा कार्यालय में जमा कर दिया है. यह हीरा 22 फरवरी को आयोजित होने वाली हीरा नीलामी में रखा जाएगा.
राणा प्रताप सिंह उत्तर प्रदेश के नोएडा के रहने वाले हैं और बिल्डिंग मटेरियल का छोटा सा कारोबार करते रहे हैं. राणा प्रताप सिंह ने बताया कि उनकी दुकान में पन्ना का मनोज कुमार दास, सतना का गौतम मित्री दोनों लड़के काम करते थे. उन्होंने पन्ना के हीरा के विषय में बताया था. कुछ समय के लिए उन्हें विश्वास नही हुआ. लेकिन लड़कों के बार कहने पर प्रेरित हुए और पन्ना आकर खदान लगाई।
राणा प्रताप सिंह ने अपना कंस्ट्रक्शन का काम मुनीम को सौपकर पन्ना में 9 सितंबर 2021 को हीरा कार्यालय से भरका नाम के स्थान का पट्टा जारी करवाया. हीरा खदान में काम शुरू करवाया गया. करीब 4 महीने की मेहनत के बाद अब उनकी खदान में बेशकीमती 4.57 कैरेट का हीरा मिला है. नियम के मुताबिक राणा प्रताप सिंह ने ये हीरा, पन्ना के हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है. इस हीरे को 22 फरवरी को होने वाली हीरा नीलामी में रखा जाएगा.

