Corona newsHOME

बड़ी राहत: Corona से 85 फीसदी से अधिक मरीज हुए ठीक, मृत्यु दर में भी कमी

नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर से पैदा हुए खौफनाक हालात के बीच स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई अहम जानकारियां दी। देश में कोरोना के खिलाफ किस तरह से लड़ाई लड़ी जा रही है और अब तक किस तरह के हालात बने हैं, इस संबंध में भी स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है। साथ ही कोरोना से लड़ने के लिए सरकार ने क्या-क्या तैयारी की है इस बारे में भी अहम बातें बताई।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि देश में अब तक 85.01 फीसदी (1,32,76,039 मरीज) कोरोना मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं देश में सिर्फ 1.17 फीसदी (1,82,553 मरीज) मरीजों की मौत हुई है। इसके अलावा देश में 13.82 फीसदी (21,57,538 मरीज) सक्रिय मरीज हैं।

मृत्युदर में आई कमी

राजेश भूषण ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछली बार के मुकाबले भले ही संक्रमण के मामले बढ़े हैं, लेकिन मृत्युदर में कमी आई है। जनवरी के पहले हफ्ते में जहां मृत्युदर 1.45 फीसदी था, वहीं धीरे-धीरे घटते हुए अब यह आकंड़ा 1.17 पर पहुंच गया है। यानी कि अब सिर्फ 1.17 फीसदी मरीजों की मौत हो रही है।

146 जिलों में पॉजिटिविटी रेट 15 फीसदी से अधिक

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि देश के देश के 740 जिलों में से 308 जिलों में 5 फीसदी से भी कम कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। जबकि 274 जिलों में 5 फीसदी से लेकर 15 फीसदी तक कोरोना पॉजिटिव केस दर्ज किए गए हैं। देश में सबसे खराब स्थिति 146 जिलों में हैं। इन 146 जिलों में 15 फीसदी से अधिक कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। जिन राज्यों के जिलों में 15 फीसदी से अधिक पॉजिटिव केस मिले हैं उनमें महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ आदि शामिल हैं।

दैनिक मामलों में भी पहले की तुलना में बढ़ोतरी हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने बताया कि देश में पिछले साल प्रतिदिन औसत सबसे ज्यादा मामले 94,000 के पास दर्ज़ किए गए थे। इस बार पिछले 24 घंटों में 2,95,000 मामले दर्ज़ किए गए हैं।

महाराष्ट्र में सबसे अधिक सक्रिय केस

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश का कौन सा राज्य कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित है और कहां पर सक्रिय मरीजों की संख्या सबसे अधिक है। मंत्रालय के अनुसार, महाराष्ट्र में सक्रिय मरीजों की संख्या सबसे अधिक है और यह राज्य सबसे अधिक प्रभावित है। महाराष्ट्र में सक्रिय कोरोना मरीजों की संख्या 6,85,552 है। जबकि इसके बाद उत्तर प्रदेश में 2,23,544, कर्नाटक में 1,59,177, छत्तीसगढ़ में 1,25,688 और केरल में 1,18,996 सक्रिय मरीज हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button