Corona newsराष्ट्रीय

1.44 लाख से भी ज्यादा नए मरीज मिले; हरिद्वार कुंभ से लौटे संघ प्रमुख मोहन भागवत भी संक्रमित, अस्पताल में भर्ती

पिछले साल वायरस के शुरू होने से लेकर अब तक एक दिन के अंदर मिले मरीजों की ये संख्या सबसे अधिक है। इससे पहले गुरुवार को 1 लाख 31 हजार 878 लोग संक्रमित पाए गए थे। बुधवार को भी 1 लाख 26 हजार 276 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।

इधर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्हें नागपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिछले सोमवार को भागवत हरिद्वार गए थे, जहां वे कुंभ मेले में शामिल हुए थे। उन्होंने गंगा में डुबकी भी लगाई थी।

इधर, देश में अब तक वैक्सीन के कुल 9.78 करोड़ डोज लगाए जा चुके हैं। हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, शुक्रवार को 32.16 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई गई।

एक हफ्ते में दिल्ली एम्स के डॉक्टर्स समेत 32 हेल्थ वर्कर्स पॉजिटिव
कोरोना के बढ़ते प्रकोप के बीच एक और चिंता की खबर सामने आई है। पिछले एक हफ्ते के अंदर दिल्ली एम्स के कई डॉक्टर्स समेत 32 हेल्थ वर्कर्स कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन सभी लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज दी जा चुकी है। एक दिन पहले ही दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल के 37 डॉक्टर्स संक्रमित पाए गए थे।

शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सर गंगाराम हॉस्पिटल के डायरेक्टर से मुलाकात कर हालात का जायजा लिया। वहीं, कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण दिल्ली में सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल बंद कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आगामी आदेश तक सभी स्कूल बंद रहेंगे।

वहीं, ओडिशा सरकार ने मास्क न पहनने पर जुर्माने की रकम बढ़ा दी है। अब पहली और दूसरी बार बिना मास्क पकड़े जाने पर 2 हजार और इसके बाद 5 हजार रुपए पेनाल्टी लगाई जाएगी। यह देश भर में मास्क न पहनने पर जुर्माने की सबसे बड़ी रकम है। ज्यादातर राज्यों में ये 200 से 500 रुपए है। दिल्ली में 2 हजार रुपए जुर्माना लगाया गया था।

ईस्ट कोस्ट रेलवे का कहना है कि 10 अप्रैल से देश में कहीं से भी ओडिशा आने वाले यात्रियों के लिए RT-PCR नेगेटिव रिपोर्ट (72 घंटे से पुरानी न हो) या वैक्सीन का दूसरा डोज लगवाने का प्रमाण पत्र होना जरूरी होगा। बिना वैध दस्तावेजों के 7 दिन क्वारैंटाइन रहना होगा।

छत्तीसगढ़ देश का सबसे संक्रमित राज्य
देश में एक्टिव रेट के मामलों में छत्तीसगढ़ देश का सबसे ज्यादा संक्रमित राज्य हो गया है। यहां सबसे ज्यादा 16.7% मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। इस मामले में महाराष्ट्र दूसरे नंबर पर है। यहां 16.1% एक्टिव केस हैं। छत्तीसगढ़ के कोरोना आंकड़ों पर नजर डालें तो अब तक यहां 4 लाख 7 हजार 231 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3 लाख 34 हजार 543 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4,563 मरीजों ने दम तोड़ दिया। 68 हजार 125 यानी 16.7% मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

देश में 100 लोगों में से 9 संक्रमित
वहीं, महाराष्ट्र में अब तक 32 लाख 29 हजार 547 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 26 लाख 49 हजार 757 लोग रिकवर हो चुके हैं, जबकि 57 हजार 28 मरीजों की मौत हो गई। 5 लाख 21 हजार 317 यानी 16.1% मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। चंडीगढ़ का एक्टिव रेट 10.6% और पंजाब का 10% है। देश में मरीजों के मिलने की रफ्तार भी बढ़कर 9.21% हो गई है। मतलब अब हर 100 लोग में 9 कोरोना से संक्रमित पाए जा रहे हैं।

बिहार में एक तिहाई स्टाफ ही ऑफिस आएगा
बिहार सरकार ने शुक्रवार को कुछ नई पाबंदियों का ऐलान किया है। यहां शाम 7 बजे दुकानें, शोरूम और मॉल बंद करने होंगे। सरकारी ऑफिसों में एक दिन में 35% और प्राइवेट में 33% स्टाफ को ही आने की इजाजत होगी। यानी एक कर्मचारी की ड्यूटी दो दिन बाद लगेगी। साथ ही सरकार ने स्कूल, कॉलेज, कोचिंग 18 अप्रैल तक बंद रखने का आदेश दिया है।

रेस्टोरेंट, होटल और ढाबे 25% क्षमता के साथ खुलेंगे। सभी सिनेमाहॉल 50% लोगों को ही एंट्री दी जाएगी। पब्लिक ट्रांसपोर्ट में क्षमता से आधी सवारी बैठने की अनुमति रहेगी। CM नीतीश कुमार ने कहा कि 11 से 14 अप्रैल तक वैक्सीनेशन का विशेष अभियान चलाया जाएगा।

Show More

Related Articles

Back to top button