तपन निषाद/कटनी – नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर नगर विकास को गति देने तथा नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा मंगलवार 13 अक्टूबर को जालपा देवी एवं वीर सावरकर वार्ड में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन गरिमायुक्त वातावरण में कराया गया। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद डॉ रमेश सोनी,राजेश भास्कर सहित जनप्रतिनिधियों की विशेष मौजूदगी में लगभग 73 लाख रुपये से अधिक की लागत से होने वाले सड़क डामरीकरण एवं सी.सी. नाली निर्माण सहित कवरिंग कार्यों का भूमिपूजन वार्ड की कन्याओं के करकमलों से कराया जाकर वार्ड वासियों को बड़ी सौगात दी गई।
*आस्था, जनकल्याण और विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा कटनी शहर – महापौर*
महापौर श्रीमती सूरी ने वार्ड वासियों को नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवरात्रि शक्ति की आराधना, आस्था एवं जनकल्याण का पर्व है। मां जालपा देवी के पावन आशीर्वाद और कन्याओं के करकमलों से विकास कार्यों का भूमिपूजन होना हर्ष एवं सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का निरंतर प्रयास है कि शहर के प्रत्येक वार्ड में नागरिकों को बेहतर सड़कें, सुगम आवागमन और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों। वार्डों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए नगर के विकास को आगे बढ़ाया जा रहा है। हमारा संकल्प है कि कटनी शहर विकास के नए आयाम स्थापित करे और प्रत्येक क्षेत्रवासी को बेहतर नागरिक सुविधाओं का लाभ मिले।
भूमिपूजन के विशेष अवसर पर एमआईसी सदस्य सर्व श्री सुभाष साहू, जयनारायण निषाद,बीना बैनर्जी,सुरेंद्र गुप्ता, उमेन्द्र अहिरवार,पार्षद शकुंतला सोनी,पूर्व पार्षद कमलेश चौधरी,समाजसेवी डॉ हरीश बजाज,संजू गर्ग,अनीता भास्कर,कुमारी आरोही सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति की मौजूदगी रही।
*जालपा देवी वार्ड में लगभग 16 लाख 70 हजार रुपये के लागत से होगा डामरीकरण एवं कवरिंग कार्य*
विकास कार्यों के अतंर्गत जालपा देवी वार्ड में लगभग 16 लाख 70 हजार रुपये की लागत से विभिन्न स्थानों पर डामरीकरण एवं नाली कवरिंग कार्य का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद एवं एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी ने कहा कि सड़क सुधार जैसे कार्य क्षेत्रवासियों की दैनिक जरूरतों से जुड़े हैं और इनसे लोगों को आवागमन में सुविधा मिलती है। वार्ड की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाना और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
*वीर सावरकर वार्ड में लगभग 56 लाख 32 हजार रुपये के लागत से होंगे विभिन्न विकास कार्य*
वही वीर सावरकर वार्ड में लगभग 56 लाख 32 हजार रुपये की लागत से तीन विकास कार्यों का शुभारंभ भी भूमिपूजन के साथ हुआ। इनमें पुराने शंभू टॉकीज के बाजू से पुराने एवं क्षतिग्रस्त मार्ग पर लगभग 15 लाख 59 हजार रुपये की लागत से डामरीकरण कार्य, श्रीराम मंदिर मार्ग पर लगभग 22 लाख 39 हजार रुपये की लागत से सी.सी. नाली निर्माण कार्य तथा संतनगर में बजाज हॉस्पिटल के आसपास एवं गोकुलधाम कॉलोनी में निर्मित सी.सी. रोड पर लगभग 18 लाख 34 हजार रुपये की लागत से डामरीकरण कार्य शामिल हैं।
इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद श्री राजेश भास्कर ने वार्ड में सड़क सुधार एवं नाली निर्माण कार्यों को नागरिकों की सुविधा की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें और व्यवस्थित जल निकासी व्यवस्था क्षेत्रवासियों की दैनिक जरूरतों से जुड़ी हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने से आवागमन सुगम बनाने तथा जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने वार्ड के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए महापौर श्रीमती सूरी एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
*वार्डों में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर प्रयास*
महापौर श्रीमती सूरी ने बताया कि शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। डामरीकरण कार्यों से पुराने एवं क्षतिग्रस्त मार्गों की स्थिति में सुधार होगा, वहीं सी.सी. नाली निर्माण से जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इन कार्यों का उद्देश्य नागरिकों को सुगम आवागमन, बेहतर सड़कें तथा सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है।
नवरात्रि पर्व के दौरान जालपा देवी एवं वीर सावरकर वार्ड में विकास कार्यों का भूमिपूजन संपन्न होना क्षेत्रीय विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मां जालपा देवी के आशीर्वाद और जनसेवा की भावना के साथ नगर निगम द्वारा शहर के सभी वार्डों में नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने तथा मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं,उन्होंने विकास कार्यों में नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए जनसहभागिता आवश्यक है।













