HOMEMADHYAPRADESH

VIDEO गृहमंत्री डॉ.नरोत्तम मिश्रा ने कहा- अपने विधायकों की चिंता करें कमलनाथ

गृहमंत्री डॉ.नरोत्तम मिश्रा ने कहा- अपने विधायकों की चिंता करें कमलनाथ वर्ना....

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ प्रत्येक चुनावी सभा में हमसेे 15 साल के कामकाज का हिसाब मांगते हैं और अपने विधायकों का हिसाब नहीं रखते हैं। विधानसभा में उनका गणित ही बिगड़ा जा रहा है। यदि ऐसा ही रहा तो वर्ष 2023 के चुनाव में कांग्रेस का भूगोल ही बिगड़ जाएगा। यह बात गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा ने मंगलवार को कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कही।

उन्होंने मीडिया से चर्चा में कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ को थोड़ी चिंता पार्टी की भी करनी चाहिए ताकि भूगोल न बिगड़े। अब तक 27 साथ छोड़कर चले गए हैं। हिसाब अपने विधायकों का रखना चाहिए। दरअसल, रविवार को बड़वाह विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक सचिन बिरला मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए हैं।

इसके पहले पूर्व विधायक सुलोचना रावत ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता ले ली थी। पार्टी ने उन्हें जोबट विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी भी बनाया है। उपचुनाव की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि पहले की तरह ही सभी इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों पर केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल नियमानुसार तैनात किए जा रहे हैं।

कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल के पुत्र करण की गिरफ्तारी को लेकर उन्होंने कहा कि हमने कहा था कि दो दिन में कार्रवाई करेंगे और दीपावली के पहले गिरफ्तारी हो जाएगी। मक्सी के पास में उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। गृहमंत्री ने कहा कि इस पूरे प्रकरण से कांग्रेस का दोहरा चरित्र उजागर होता है। पार्टी की महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड़ा नारी के हक की बात करती हैं पर मध्य प्रदेश में महिला के साथ हुई इस घटना पर एक भी नेता कुछ भी नहीं बोला। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ और दिग्विजय सिंह आरोपित को बचाने की बात करते हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button