Tuesday, November 17, 2026
Latest:
HOME

मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत 20 नवंबर को 27 जोड़ों का होगा सामूहिक विवाह,नगर निगम परिसर में आयोजित होगा भव्य एवं गरिमामय समारोह, तैयारियों को लेकर महापौर की अध्यक्षता में आयोजन समिति की बैठक संपन्न

तपन निषाद/कटनी-देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर शुक्रवार, 20 नवंबर को मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत नगर निगम कटनी द्वारा सामूहिक विवाह एवं निकाह समारोह आयोजित किया जाएगा,उक्त समारोह में 27 जोडो का विवाह होना प्रस्तावित है। नगर निगम कार्यालय परिसर में आयोजित होने वाले इस समारोह की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से सोमवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी की अध्यक्षता में आयोजन समिति की बैठक संपन्न हुई।

बैठक में पूर्व नगर निगम अध्यक्ष श्री सत्यनारायण अग्रहरि, श्री नंदकुमार बसरानी, पूर्व पार्षद श्रीमती ऋचा गेलानी सहित अन्य निगम के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए अपने सुझाव साझा किए तथा विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं।

बैठक में महापौर ने समिति सदस्यों एवं अधिकारियों के साथ आयोजन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होने वाले वर-वधुओं एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाएं।

महापौर ने आयोजन स्थल पर स्वच्छता, पेयजल, बैठक व्यवस्था, मंच सज्जा, विद्युत एवं ध्वनि व्यवस्था, गुणवत्तापूर्ण भोजन, अतिथियों के स्वागत, सुरक्षा एवं पार्किंग सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही विवाह एवं निकाह की धार्मिक एवं सामाजिक परंपराओं के अनुरूप आवश्यक सामग्री एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि सभी जोड़ों का विवाह समारोह पूरे सम्मान एवं गरिमा के साथ संपन्न हो सके।

*वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत का साक्षी बनेगा समारोह*

बैठक में योजना प्रभारी द्वारा बताया गया कि सामूहिक विवाह समारोह के अंतर्गत पात्र वर-वधुओं को शासन द्वारा निर्धारित आर्थिक सहायता डीबीटी के माध्यम से प्रदान की जाएगी। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान करना तथा उन्हें सम्मानपूर्वक वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत का अवसर उपलब्ध कराना है।

नगर निगम के तत्वावधान में आयोजित यह सामूहिक विवाह एवं निकाह समारोह सामाजिक समरसता, सादगीपूर्ण विवाह परंपरा और बेटियों के सम्मान को प्रोत्साहित करने के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजना का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

Tapan Nishad

Tapan Nishad serves as the Senior Editor at News24you. With extensive experience in journalism and regional news coverage, he ensures that every story published on News24you adheres to the highest standards of fact-checking, accuracy, and editorial integrity before going live Contect: 7000052502 & 9993322038