Thursday, October 22, 2026
Latest:
HOMEUttarPradeshराष्ट्रीय

UP किसानों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली नदी में गिरी, 13 लोग सुरक्षित निकले, 11 लापता

हरदोई: यूपी के हरदोई जिले के पाली थाना क्षेत्र में एक ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर गर्रा नदी में गिर गई जिस पर करीब 24 किसान सवार थे. इनमें 13 लोगों को बाहर निकाल लिया गया है और बाकी 11 लोगों की तलाश जारी है. हरदोई के जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि बेगराजपुर गांव के रहने किसान शनिवार को पाली कस्बे में अपनी खीरे की फसल बेचने गये थे और रात करीब 11 बजे गांव लौट रहे थे.

हरदोई के जिलाधिकारी ने बताया कि पाली कस्बे के करीब गर्रा नदी के पुल पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरा. कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राली पर 24 लोग सवार थे, जिसमें 13 लोग बाहर सुरक्षित निकल आये हैं और शेष की तलाश की जा रही है. गोताखोर व पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं.

लखनऊ में जारी एक सरकारी बयान के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को मौके पर पहुंचकर बचाव एवं राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिये हैं. उन्होंने कहा कि इस काम में एसडीआरएफ (राज्‍य आपदा मोचक बल) की सहायता ली जाए. योगी ने दुर्घटना प्रभावितों को हर सम्भव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं.

Anubhav Shukla

Website Developer & Editor with 3 years of experience in regional news reporting and Managing News Website. Mobile: +919425156783 💬 Chat on WhatsApp