News24you

News you are looking for

RGPV Exam: 22 जून से शुरू होंगी RGPV की स्‍नातक अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं

RGPV Exam: 22 जून से शुरू होंगी RGPV की स्‍नातक अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं
RGPV Exam Alert: भोपाल। राजधानी भोपाल में स्‍थित राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) द्वारा राज्य शासन के निर्देशानुसार परीक्षाओं की संशोधित समय सारणी घोषित कर दी गई है। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. प्रभात पटेल के अनुसार संशोधित समय सारणी के अनुसार बीई, बीटेक, बीफार्मा के अंतिम सेमेस्टर की सैद्धान्तिक विषयों की परीक्षाएं ऑनलाइन मोड में 22 से 30 जून 2021 तक आयोजित की जाएंगी।
अन्य सभी स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम एवं शेष सेमेस्टर की सैद्धान्तिक परीक्षाएं ऑनलाइन मोड में एक से 20 जुलाई 2021 तक आयोजित की जाएंगी, जिसकी समय-सारणी शीघ्र ही जारी की जाएगी।
परीक्षा नियंत्रक के अनुसार विश्वविद्यालय परीक्षाओं के संदर्भ में संस्थाओं एवं छात्रों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश शीघ्र ही पोर्टल पर जारी करेगा। ज्ञात हो कि स्नातक के विद्यार्थियों की जो सैद्धान्तिक परीक्षाएं 22 जून से आयोजित होंगी, उनके लिए बिना विलंब शुल्क के परीक्षा आवेदनों की तिथि जो पहले 5 जून थी, इसे बढ़ाकर 10 जून कर दिया गया है। सभी सैद्धान्तिक परीक्षाएं ऑनलाइन होंगी। विद्यार्थी घर बैठकर या आरजीपीवी के संबद्ध संस्थानों में जाकर परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।

 

परीक्षा नियंत्रक के अनुसार तकनीकी शिक्षा के सभी विद्यार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाएं भी ऑनलाइन संपन्न करवाई जाएंगी। प्रायोगिक परीक्षाओं के लिए सातवें और आठवें सेमेस्टर के छात्रों की ऑनलाइन प्रायोगिक परीक्षा एक से पांच जुलाई 2021 तक संस्था स्तर पर संपन्न होंगी। विश्वविद्यालय स्नातक अंतिम सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम 10 जुलाई तक एवं शेष परीक्षाओं के परिणाम 30 जुलाई तक घोषित करेगा। ज्ञात हो कि सभी परीक्षाओं में लगभग एक लाख 45 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे।