तपन निषाद/कटनी।मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे विरोध प्रदर्शन के तहत बुधवार को जिला कांग्रेस एवं शहर कांग्रेस के संयुक्त नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कुंवर सौरभ सिंह तथा शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला की अगुवाई में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता पुरानी कचहरी स्थित लक्ष्मीबाई स्मारक के पास एकत्रित हुए और पैदल मार्च निकाला।
पैदल मार्च पुरानी कचहरी से शुरू होकर सुभाष चौक, गोल बाजार, सिल्वर टॉकीज, झंडा बाजार, सराफा बाजार, जैन मंदिर, रुई बाजार एवं कपड़ा बाजार होते हुए पुन: सुभाष चौक, थाना तिराहा और स्टेट बैंक मार्ग से पुरानी कचहरी पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार, भाजपा एवं चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। कुछ कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मुखौटे लगाकर भी मार्च में शामिल हुए।
पुरानी कचहरी पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन समाप्त होने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झड़प भी हुई।
प्रदर्शन में कटनी शहर के साथ विजयराघवगढ़ और बहोरीबंद क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इस अवसर पर पूर्व विधायक बसंत सिंह, प्रियदर्शन गौर, विजय पटेल, गणेश राव, लल्ला महाराज, राजा जगवानी, गुड्डू द्विवेदी, अंशु मिश्रा, अजय गर्ग, रविंद्र सिंह छोटू, विकास निगम, नरेंद्र सैनी, आनंद मिश्रा, प्रदीप त्रिपाठी, चिंतामणि तिवारी, रमाकांत दुबे, अजय सिंह, मोहित शर्मा, गुड्डू बडगैया, श्रीकांत गुप्ता, नीरज पटेल, नदीम अहमद, संतोष पटेल, रंजीत सिंह, मनोज गुप्ता, रजनी वर्मा, सौम्या रांधेलिया, अजय खटीक, राजेश जाटव, जीतू गुप्ता, अजय जैसवानी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मतदाता सूची के मुद्दे पर कांग्रेस का प्रदर्शन, चुनाव आयोग के खिलाफ पुतला दहन
