Friday, November 20, 2026
Latest:
HOME

देवउठनी एकादशी पर घर-घर गूंजे तुलसी-शालिग्राम विवाह के मंगल गीत, बाजारों में रही रौनक गन्ने और पूजन सामग्री की दुकानों पर उमड़ी भीड़, श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से किया पूजन

तपन निषाद/कटनी-देवउठनी एकादशी का पर्व शुक्रवार को शहर में धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के घर-घर में भगवान शालिग्राम और तुलसी माता के विवाह का आयोजन किया गया। सुबह से ही घरों में पूजा-अर्चना की तैयारियां शुरू हो गई थीं। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से तुलसी माता का श्रृंगार कर भगवान शालिग्राम के साथ उनका विवाह संपन्न कराया। इस दौरान घरों में मंगल गीत गूंजते रहे और महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ धार्मिक अनुष्ठान किए।
देवउठनी एकादशी को हिंदू धर्म में विशेष महत्व प्राप्त है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास का समापन होता है और मांगलिक कार्यों की शुरुआत मानी जाती है। तुलसी विवाह के साथ ही विवाह सहित अन्य शुभ कार्यों के आयोजन का मार्ग प्रशस्त हो जाता है। यही वजह है कि इस पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहता है।
पर्व को लेकर शहर के बाजारों में भी सुबह से ही चहल-पहल बनी रही। विशेष रूप से बहोरीबंद बाजार सहित अन्य प्रमुख बाजारों में गन्ने, पूजन सामग्री, फूल-माला, फल, मिठाई और सजावट की सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ नजर आई। तुलसी विवाह के लिए गन्ने की खरीदारी को लेकर लोगों में खासा उत्साह रहा। दुकानदारों ने भी पर्व को देखते हुए पूजन सामग्री और गन्ने की पर्याप्त व्यवस्था की थी।
शाम के समय घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर तुलसी चौरे को आकर्षक ढंग से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना के साथ तुलसी-शालिग्राम विवाह की रस्में पूरी कीं। पूरे शहर में दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा।

Tapan Nishad

Tapan Nishad serves as the Senior Editor at News24you. With extensive experience in journalism and regional news coverage, he ensures that every story published on News24you adheres to the highest standards of fact-checking, accuracy, and editorial integrity before going live Contect: 7000052502 & 9993322038