पड़ोसियों की कथित प्रताड़ना से परेशान विधवा मां और बेटियों ने एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार, रास्ते में युवती का गला पकड़ने का भी आरोप मकान के सामने कचरा फेंकने, गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकियों से परिवार भयभीत; मुड़वारा फुटब्रिज मार्ग पर नकाबपोश व्यक्ति द्वारा युवती पर हमले की घटना का भी आवेदन में उल्लेख
तपन निषाद/कटनी।-शहर के मदन मोहन चौबे वार्ड स्थित भट्ठा मोहल्ले में रहने वाला एक परिवार कथित तौर पर पड़ोसियों की प्रताड़ना से परेशान है। परिवार की दो महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत कर सुरक्षा और संरक्षण की मांग की है। शिकायत में पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों पर आए दिन गाली-गलौज, विवाद, मारपीट की धमकी देने, घर के सामने कचरा एवं जूठन फेंकने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। वहीं, परिवार की एक युवती के साथ रास्ते में कथित रूप से हुई हमले की घटना ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
पुलिस अधीक्षक को दिए गए आवेदन के अनुसार, सुशीला बाई सोंधिया विधवा हैं और अस्वस्थता के चलते अधिकांश समय घर पर ही रहती हैं। वह अपनी तीन बेटियों और एक बेटे के साथ भट्ठा मोहल्ले में निवास करती हैं। शिकायत में बताया गया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के समय से ही पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों द्वारा परिवार को कथित रूप से परेशान किया जा रहा है। आरोप है कि घर के सामने जूठन और कचरा फेंका जाता है। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट पर आमादा होने जैसी स्थिति निर्मित की जाती है।
बेटियों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण तीनों बेटियां निजी कार्य करती हैं और उन्हें काम के सिलसिले में घर से बाहर जाना पड़ता है। कई बार काम से लौटने में देर भी हो जाती है। ऐसे में परिवार को अपनी बेटियों की सुरक्षा को लेकर लगातार भय बना रहता है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग उन्हें मोहल्ले से मकान छोड़कर चले जाने के लिए दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही मकान और संपत्ति पर कब्जा करने की मंशा होने की आशंका भी जताई गई है।
मुड़वारा फुटब्रिज मार्ग पर युवती का गला पकड़ने का आरोप
शिकायत का सबसे चिंताजनक पहलू लगभग एक माह पूर्व की बताई गई एक घटना है। आवेदन के मुताबिक, रीना सोंधिया काम से वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान मुड़वारा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म के बाजू से मुड़वारा फुटब्रिज की ओर जाने वाले रास्ते पर मुंह पर कपड़ा बांधे एक अज्ञात व्यक्ति ने पीछे से उनका गला पकड़ लिया और मुंह दबाने का प्रयास किया। युवती किसी तरह खुद को छुड़ाकर वहां से भागने में सफल हुई। घर पहुंचकर उसने अपनी मां को घटना की जानकारी दी। परिवार का आरोप है कि पूर्व में भी युवती के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी से जुड़ी शिकायत की गई थी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बढ़े हुए हैं।
मोहल्ले के तिराहे पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग
परिवार ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही मोहल्ले के तिराहे पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की मांग भी की गई है, ताकि आने-जाने वाले रास्ते पर निगरानी रखी जा सके और भविष्य में किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
फिलहाल यह मामला पुलिस जांच और कार्रवाई का विषय है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना शेष है। ऐसे में पुलिस प्रशासन के सामने शिकायत की गंभीरता से जांच कर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी है। अब देखना होगा कि शिकायत पर संबंधित थाना पुलिस क्या कार्रवाई करती है और भय के माहौल में जी रहे इस परिवार को कब तक सुरक्षा मिल पाती है।

