आंवला नवमी आज, आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु का वास मानकर श्रद्धालुओ ने की पूजा-अर्चना अक्षय पुण्य और सुख-समृद्धि की कामना से आंवले के पेड़ के नीचे किया भोजन, महिलाओं में पर्व को लेकर रहा विशेष उत्साह
तपन निषाद/कटनी – सनातन धर्म में कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि का विशेष धार्मिक महत्व है। इसे आंवला नवमी, अक्षय नवमी के नाम से जाना जाता है। इस पावन अवसर पर श्रद्धालु आंवले के वृक्ष का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्य की कामना करते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु का वास माना जाता है। मान्यता है कि अक्षय नवमी के दिन आंवले के वृक्ष की पूजा करने, उसके नीचे बैठकर भोजन करने और जरूरतमंदों को दान-पुण्य करने से अक्षय फल की प्राप्ति होती है। इसी कारण इस पर्व का विशेष महत्व है। पर्व के इसी महत्व के चलते आज कटाए घाट, बाबा घाट, उपनगरीय क्षेत्र छपरवाह स्थित श्री श्री 1008 श्री दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर सहित शहर व उपनगरीय क्षेत्रों के रमणीय व धार्मिक स्थलों में खासा भीड़ भाड़ रही। आंवला नवमी के अवसर पर महिलाएं सुबह स्नान के बाद स्वच्छ वस्त्र धारण कर आंवले के वृक्ष के नीचे पहुंची। यहां वृक्ष की जड़ में जल अर्पित कर रोली, चावल, पुष्प और धूप-दीप से पूजा की गई। इसके बाद वृक्ष की परिक्रमा कर परिवार की सुख-शांति और संतान की मंगलकामना के लिए प्रार्थना की गई। कई स्थानों पर महिलाएं आंवले के वृक्ष के नीचे भोजन बनाकर परिवार सहित प्रसाद ग्रहण किया।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अक्षय नवमी पर किए गए जप, तप, पूजा, दान और पुण्य कर्मों का फल अक्षय रहता है। यही वजह है कि कार्तिक मास के इस पावन पर्व पर मंदिरों और आंवले के वृक्षों के आसपास श्रद्धालुओं की विशेष चहल-पहल देखने को मिलती है।
आंवला नवमी का पर्व प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण का भी संदेश देता है। भारतीय संस्कृति में वृक्षों को पूजनीय मानकर उनके संरक्षण की परंपरा रही है। आंवले का वृक्ष धार्मिक महत्व के साथ-साथ औषधीय गुणों से भी भरपूर है। इस प्रकार यह पर्व आस्था, प्रकृति और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश देता है।

