Thursday, November 19, 2026
Latest:
HOME

मंडलों की नब्ज टटोलने मैदान में उतरे युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष पारस जैन, दो दर्जन युवाओं ने थामा संगठन का दामन,करीब तीन माह बाद मंडल स्तर पर संगठन विस्तार की हलचल तेज, उमरियापान और ढीमरखेड़ा में स्वागत के दौरान दिखा युवाओं का उत्साह

तपन निषाद/कटनी- भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष पारस जैन ने अब जिले के मंडलों की नब्ज टटोलना शुरू कर दिया है। करीब तीन माह बाद मंडल और जिला स्तर पर नई कार्यकारिणियों के गठन की सुगबुगाहट के बीच जिलाध्यक्ष संगठन को नई दिशा देने के लिए मैदान में उतर चुके हैं। इसी सिलसिले में बुधवार, 18 नवंबर 2026 को उन्होंने बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के उमरियापान और ढीमरखेड़ा मंडलों का संगठनात्मक प्रवास किया।

दौरे की शुरुआत दोपहर 12 बजे उमरियापान मंडल से हुई। यहां युवा कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष पारस जैन का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। संगठनात्मक बैठक और संवाद के दौरान करीब दो दर्जन युवाओं ने जिलाध्यक्ष के सानिध्य में भारतीय जनता युवा मोर्चा की सदस्यता ग्रहण कर संगठन का दामन थामा।

इसके बाद शाम 4 बजे जिलाध्यक्ष ढीमरखेड़ा मंडल पहुंचे। यहां भी उनके स्वागत में युवाओं और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने को मिला। मंडल प्रवास के दौरान संगठन की गतिईविधियों, युवाओं की भागीदारी और आगामी संगठनात्मक जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा हुई।

*नई कार्यकारिणी के गठन पर सबकी नजर*

पारस जैन का यह प्रवास महज स्वागत और औपचारिक बैठकों तक सीमित नहीं है। करीब तीन माह से मंडल और जिला स्तर पर नई कार्यकारिणियों के गठन का इंतजार कर रहे कार्यकर्ताओं की निगाहें अब जिलाध्यक्ष के इन संगठनात्मक दौरों पर टिकी हैं। मंडलों में पहुंचकर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करना और नए युवाओं को संगठन से जोड़ना आगामी टीम गठन की कवायद का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि मंडल और जिला स्तर की नई कार्यकारिणियों में किन चेहरों को जगह मिलती है और संगठन की कमान किन नए एवं सक्रिय युवाओं के हाथों में सौंपी जाती है। फिलहाल पारस जैन के मंडल प्रवास के साथ युवा मोर्चा में संगठन विस्तार और नई टीम के गठन को लेकर हलचल तेज हो गई है।

Tapan Nishad

Tapan Nishad serves as the Senior Editor at News24you. With extensive experience in journalism and regional news coverage, he ensures that every story published on News24you adheres to the highest standards of fact-checking, accuracy, and editorial integrity before going live Contect: 7000052502 & 9993322038