दिल्ली में बड़े विस्फोट की साजिश नाकाम, सीमा पुरी में एक घर से बरामद हुई IED
दिल्ली के सीमापुरी (Old Seema Puri) इलाके के एक मकान से गुरुवार को संदिग्ध बैग मिला. बैग की सूचना मिलते ही स्पेशल सेल और NSG की टीम मौके पर पहुंची.
घर से बरामद हुई IED
जांच के दौरान बैग में IED होने की पुष्टि हुई है. विस्फोटक मिलने के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर ली. साथ ही घर के मालिक से पूछताछ जारी है. बताया जा रहा है कि जिस कमरे में बैग मिला, वहां पर 3-4 लोग थे. लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वे फरार हो गए.
इस तरह पुलिस को मिला सुराग
बताते चलें कि कुछ दिन पहले गाजीपुर मंडी के पास पुलिस को विस्फोटक बरामद हुआ था. इस मामले की जांच के दौरान दिल्ली पुलिस (Delhi Police) की स्पेशल सेल को उसके लिंक ओल्ड सीमा पुरी (Old Seema Puri) से जुड़ते दिखे.
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए स्पेशल सेल की टीम गुरुवार दोपहर को ओल्ड सीमापुरी की सुनार कॉलोनी में बने एक मकान में पहुंची. वहां पर पुलिस ने एक कमरे का ताला तोड़कर तलाशी ली तो कमरे में एक संदिग्ध बैग बरामद हुआ.
कमरे से फरार हो गए आरोपी
इसके बाद स्पेशल सेल ने NSG को कॉल किया. NSG की टीम ने सीमापुरी (Old Seema Puri) में आकर बैग की जांच की तो उसमें IED बरामद हुआ. अगर यह IED किसी भी जगह पर ब्लास्ट कर दिया जाता तो बड़ी संख्या में लोगों की जान जा सकती थी.
स्पेशल सेल की पूछताछ में पता चला है कि जिस कमरे से विस्फोटक बरामद हुआ है, उसे 3-4 लोगों ने किराये पर लिया था. पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी आरोपी फरार हो गए. पुलिस (Delhi Police) मकान मालिक से उन लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है. साथ ही फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है.

