Thursday, November 5, 2026
Latest:
HOMEMADHYAPRADESH

Sagar ROB Accident रेलवे ओवर ब्रिज की मिट्टी धंस गई, कटनी के इंजीनियर सहित 2 की मौत, 3 घायल

Sagar ROB Accident: मध्य प्रदेश के सागर में रेलवे ओवर ब्रिज की मिट्टी धंस गई. इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई और 3 लोग दब गए, मृतकों में कटनी के एक इंजीनियर शामिल हैं।

मध्य प्रदेश के सागर में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया. यहां रेलवे ओवर ब्रिज की मिट्टी धंस गई और 2 लोगों की मौत हो गई. इस हादसे में 3 लोग दब गए. उन्हें रात करीब 1 बजे तक मलबे से सुरक्षित निकाल लिया गया. ये हादसा सुमरेरी रेलवे स्टेशन के पास हुआ. इस स्टेशन के रेलवे फाटक नंबर 10-बी पर ये आरओबी बनाया जा रहा है.

हादसा होते ही हड़कंप मच गया. इसकी सूचना मिलते ही रेलवे प्रबंधन और पुलिस की टीम आनन-फानन में मौके पर पहुंच गई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. बता दें, सुमरेरी रेलवे के पास गढ़ौला जागीर समेत कई गांवों को जोड़ा जा रहा है. इन्हें जोड़ने के लिए ही रेलवे फाटक नंबर 10-बी पर आरओबी का निर्माण किया जा रहा है. बताया जाता है कि शुक्रवार रात करीब पौने दस बजे ट्रैक से ट्रेन गुजरी तो ब्रिज की मिट्टी धंस गई. मिट्टी धंसने से वहां काम कर रहे मजदूर और रेलवे कर्मचारी दब गए और अफरा-तफरी मच गई.

हादसे में आरएस मीणा और सुखराम अहिरवार की मौत हो गई. आरएस मीणा सेक्शन इंजीनियर थे. वे राजस्थान के सवाई माधौपुर के रहने वाले थे. जबकि इंजीनियर सुखराम अहिरवार कटनी जिले के रहने वाले थे. घटना में घायल शेरसिंह, दीपक और देवेंद्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. तीनों की हालत खतरे से बाहर है.