Monday, November 2, 2026
Latest:
Corona newsHOME

कोरोना ने तोड़े पुराने सारे रिकॉर्ड! एक दिन में दुनिया मे सामने आए 16 लाख केस

नई दिल्ली: कोरोना महामारी को लेकर फिर पूरी दुनिया में हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं. पूरी दुनिया में कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन का भी कहर बढ़ रहा है. WHO ने भी पूरी दुनिया को चेताते हुए कहा है कि कोरोना गंभीर रूप ले रहा है. दुनिया भर में पिछले सप्ताह कोरोना के मामलों में 11% की बढ़ोतरी हुई है. अमेरिका, फ्रांस और ब्रिटेन में कोरोना के नए मामलों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. बीते दिन 16 लाख से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं और 7 हजार से ज्यादा मौतें हुईं हैं.

एक दिन में अब तक के सबसे ज्यादा मामले

WHO चीफ ट्रेडोस गेब्रेयेसस (Tedros Ghebreyesus) ने बताया कि 20 से 26 दिसंबर के बीच करीब 50 लाख नए मामले दर्ज किए गए. इनमें से आधे से ज्यादा यूरोप में थे. एक आंकड़े के मुताबिक, बुधवार को दुनियाभर में 16.13 लाख नए मामले सामने आए हैं और 7,391 मौतें हुईं हैं. जबसे कोरोना महामारी (Corona Pandemic) शुरू हुई है, तब से पहली बार है जब एक दिन में इतने ज्यादा मामले सामने आए हैं.

इन देशों से सामने आ रहे रिकॉर्ड तोड़ मामले 

अमेरिकाः अमेरिका में बुधवार को 2.65 लाख से ज्यादा नए मामले रिकॉर्ड किए गए. इससे पहले 11 जनवरी को 2.52 लाख मामले सामने आए थे. ओमिक्रॉन के खतरे के बीच अमेरिका में कई फ्लाइट कैंसिल हो गईं हैं.

फ्रांसः बुधवार को फ्रांस में 2.08 लाख मामले रिकॉर्ड किए गए. आपको बता दें कि बीते मंगलवार को ही देश में 1.80 लाख केस आए थे जो किसी भी यूरोपीय देश में आए कोरोना मामलों का रिकॉर्ड था. फ्रांस के स्वास्थ्य मंत्री ओलिवियर वेरन ने कहा कि हमारे देश में हर सेकंड 2 लोग पॉजिटिव आ रहे हैं.

ब्रिटेनः ब्रिटेन में बुधवार को 1.83 लाख से ज्यादा नए मामले सामने आए जो अब तक का रिकॉर्ड है. वहीं, 57 मरीजों ने दम तोड़ दिया. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन (Boris Johnson) ने लोगों से नया साल सावधानी से मनाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि अभी भी अस्पतालों में बहुत से डॉक्टर ऐसे हैं जिन्हें बूस्टर डोज नहीं लगी है.

अर्जेंटिना: अर्जेंटिना में बुधवार को 42,032 नए केस आए जो मई के बाद सबसे ज्यादा हैं.

इटली: इटली में भी बुधवार को 98,030 नए केस आए, जबकि एक दिन पहले यहां 78,313 मामले सामने आए थे.

‘फेल हो जाएंगे दुनिया के सारे हेल्थ सिस्टम’

WHO चीफ टेडरोस एडनोम गेब्रियासिस ने कहा कि डेल्टा और ओमिक्रॉन वेरिएंट की ऐसी सुनामी आएगी कि हेल्थ सिस्टम तबाही के कगार पर पहुंच जाएगा. गेब्रियासिस ने कहा, ‘दुनियाभर का हेल्थ सिस्टम वैसे ही अपनी क्षमताओं से आगे जाकर काम कर रहा है. इसके बाद डेल्टा और ओमिक्रॉन जैसे दोनों खतरे संक्रमण का आंकड़ा रिकॉर्ड ऊंचाई तक ले जाएंगे. इससे हॉस्पिटलाइजेशन और मौतें बढ़ेंगी.’ हालांकि, WHO ने उम्मीद जताई है कि दुनिया अगले साल तक इस महामारी को पछाड़ देगी.

डेल्टा से आगे की चीज है ओमिक्रॉन

WHO ने ओमिक्रॉन के बारे में कहा कि इससे संबंधित जोखिम बहुत ज्यादा है. संक्रमण के मामले में यह डेल्टा वेरिएंट का पीछे छोड़ चुका है. 2 से 3 दिन में इसके मामलों में दोगुनी बढ़ोतरी हो रही है.

Anubhav Shukla

Website Developer & Editor with 3 years of experience in regional news reporting and Managing News Website. Mobile: +919425156783 💬 Chat on WhatsApp