Thursday, October 29, 2026
Latest:
Corona newsज्ञानराष्ट्रीय

WhatsApp Fraud: व्हाट्सएप पर ब्रिटेन का मुफ्त वीजा और नौकरी देने के नाम पर स्कैम, ऐसे बरतें सावधानी

WhatsApp Fraud:  इंस्टैंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप पर अब तक कई तरह के स्कैम सामने आ चुके हैं। अब ऐसा ही एक और नया स्कैम सामने आया है जिसमें व्हाट्सएप यूजर्स को ब्रिटेन में काम करने के लिए मुफ्त वीजा और नौकरी का झांसा दिया जा रहा है। इस व्हाट्सएप स्कैम को ब्रिटेन (UK) सरकार का मैसेज बताकर सर्कूलेट किया जा रहा है। दरअसल, यूजर्स को मैसेज मिल रहा है जिसमें उन्हें बताया जा रहा है कि ब्रिटेन को इस साल 132,000 से अधिक अतिरिक्त लोगों की जरूरत है, इस लिए सरकार एक भर्ती अभियान चला रही है, जिसमें 186,000 से अधिक रिक्त स्थान उपलब्ध हैं।

WhatsApp Fraud:  मैसेज भेजकर लोगों को ऐसे लगाया जा रहा चूना

मैलवेयरबाइट्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक व्हाट्सएप यूजर्स को कथित तौर पर अपने मोबाइल एप पर मैसेज मिल रहे हैं। इस मैसेज में उन्हें मुफ्त वीजा और अन्य लाभ की पेशकश की जा रही है। खासकर उन लोगों के लिए जो काम के लिए ब्रिटेन जाने के इच्छुक हैं। व्हाट्सएप यूजर्स को मैसेज भेजकर उन्हें बताया जा रहा है कि यूके को 1,32,000 से अधिक अतिरिक्त लोगों की जरूरत है और सरकार भर्ती अभियान चला रही है।

व्हाट्सएप यूजर्स को इस मैसेज के साथ एक लिंक भी दिया जा रहा है यदि कोई यूजर्स उस लिंक पर क्लिक करता है तो उन्हें एक फर्जी डोमेन पर भेज दिया जाता है, जो यूके वीजा और इमिग्रेशन वेबसाइट की तरह दिखता है। इसके इन्हें UK में पहले से उपलब्ध हजारों नौकरियों के लिए आवेदन करने के लिए कहा जा रहा है।

रिपोर्ट के मुताबिक इस स्कैम के तहत यात्रा व्यय, आवास, चिकित्सा सुविधाएं, आवेदक की आयु 16 वर्ष या उससे अधिक, बुनियादी अंग्रेजी का ज्ञान जैसी बातें योग्यता के तौर पर बताई गई हैं। मैसेज में कहा जा रहा है कि इसमें सभी व्यक्ति आवेदन दे सकते हैं और छात्रों के लिए तत्काल वीजा भी मिलेगा।0

WhatsApp Fraud:  इस तरह के स्कैम से कैसे बचें

व्हाट्सएप स्कैम कोई नई बात नहीं है क्योंकि इससे पहले भी ऐसे कई मामले सामने आए हैं जहां लोगों ने अपना पैसा गंवाया है। व्हाट्सएप पर मैसेज एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड हैं, इसलिए धोखेबाजों का पता लगाना मुश्किल हो जाता है। इस तरह के स्कैम से बचने का सबसे आसान और सबसे अच्छा तरीका है कि आप इस तरह के मैसेज को नजरअंदाज करें जो आपको किसी विदेशी देश में नौकरी पाने या भारी मात्रा में पैसा देने की बात करते हैं।

WhatsApp Fraud:  डाटा चोरी मुख्य टारगेट

मालवेयरबाइट्स के अनुसार, इन स्कैम का मुख्य टारगेट व्यक्तिगत जानकारी इकट्ठा करना है, जिसमें उनके नाम, ईमेल एड्रेस, फोन नंबर, वैवाहिक स्थिति और रोजगार की स्थिति शामिल हैं। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि मुफ्त एप्लीकेशन फॉर्म अपने आप स्वीकृत हो जाता है और पीड़ितों को बताया जाता है कि उन्हें यूके में एक वर्क परमिट, वीजा, हवाई जहाज का टिकट और रहने के लिए जगह मुफ्त में दी जाएगी, जो कि बिलकुल भी सच नहीं है बल्कि एक स्कैम है। यह कोई पहली घटना नहीं है जब मोबाइल मैसेजिंग एप पर स्कैम हो रहा है। हाल ही में व्हाट्सएप पर एक केबीसी स्कैम भी किया गया था जो यूजर्स को 25 लाख रुपये की लॉटरी की पेशकश कर रहा था।

Anubhav Shukla

Website Developer & Editor with 3 years of experience in regional news reporting and Managing News Website. Mobile: +919425156783 💬 Chat on WhatsApp