Friday, October 23, 2026
Latest:
क्रिकेट

T20 WC: शोएब अख्तर ने की ‘खिसियानी बिल्ली’ वाली हरकत, बोले- जिम्बाब्वे के खिलाफ हम सिर्फ हारे, लेकिन भारत तो..

T20 WC: शोएब अख्तर ने की ‘खिसियानी बिल्ली’ वाली हरकत, बोले- जिम्बाब्वे के खिलाफ हम सिर्फ हारे, लेकिन भारत तो.. टी20 वर्ल्ड कप में गुरुवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद पूरा पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। पूर्व पाक क्रिकेटर्स अपनी टीम की जमकर आलोचना कर रहे हैं। दरअसल, सुपर-12 के ग्रुप-2 के मुकाबले में जिमबाब्वे ने पाकिस्तान को एक रन से हरा दिया। यह इस विश्व कप में पाकिस्तान की लगातार दूसरी हार रही। इससे पहले भारत ने भी पाक को हराया था। जिम्बाब्वे के खिलाफ हार से पाकिस्तान पर टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है।
पाकिस्तान की हार से बौखलाए पूर्व तेज गेंदबाज और रावलपिंडी एक्सप्रेस के नाम से मशहूर शोएब अख्तर ने भी टीम की खूब आलोचना की। हालांकि, उन्होंने भारत को लेकर भी बड़बोलापन दिखाया है। उन्होंने पाकिस्तान की हार के बाद अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने पाक टीम की जमकर आलोचना की।

इसके बाद उन्होंने कहा कि यह वास्तव में निराशाजनक है। मैंने पहले ही कहा है कि पाकिस्तान इस सप्ताह अपने देश लौट आएगा। भारत भी सेमीफाइनल खेलकर स्वदेश वापस जाएगा क्योंकि वह भी उतने अच्छे नहीं हैं। शोएब ने कहा- अगले हफ्ते टीम इंडिया भी सेमीफाइनल खेल के अपने देश वापस लौट जाएगी। वे भी कोई तीस मार खां नहीं हैं।

कप्तान बाबर आजम से लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) तक, शोएब अख्तर ने ऑस्ट्रेलिया में टीम द्वारा अर्जित परिणामों के लिए सभी को दोषी ठहराया। यहां तक कि उन्होंने ‘अयोग्य खिलाड़ियों’ के चयन के लिए बोर्ड की क्लास भी लगाई। शोएब ने कहा- आपका प्रदर्शन औसत है। आनंद लें और अयोग्य खिलाड़ियों का चयन करते रहें। अच्छे लोगों को टीम में मत आने दो। मैं अपने बारे में बात नहीं कर रहा हूं। मुझे बस इस बात की चिंता है कि देश इसकी वजह से भुगत रहा है। आपने सब कुछ बर्बाद कर दिया है।

जिम्बाब्वे के खिलाफ पाकिस्तान के सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करने की उम्मीदों को झटका लगा है। अब उसे भारत समेत दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा। गुरुवार को पर्थ में खेले गए मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 130 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 129 रन ही बना सकी। पाकिस्तान को आखिरी चार गेंद पर चार रन बनाने थे। टीम वह भी नहीं बना सकी। वहीं, दूसरी तरफ भारत ने अपने दोनों मैच जीत लिए हैं।

Anubhav Shukla

Website Developer & Editor with 3 years of experience in regional news reporting and Managing News Website. Mobile: +919425156783 💬 Chat on WhatsApp