चौपाटी पर 51 फीट ऊंचे रावण का दहन, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा परिसर बजरंग उत्सव समिति ने धूमधाम से मनाया विजयादशमी पर्व, रामलीला मंचन के बाद विधायक संजय पाठक ने किया रावण दहन
तपन निषाद/कटनी-असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक विजयादशमी पर्व पर शहर के चौपाटी परिसर में बजरंग उत्सव समिति द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार भव्य रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। रावण दहन के दौरान पूरा परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा और लोगों ने उत्साह के साथ विजयादशमी का पर्व मनाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम की लीलाओं के मंचन के साथ हुआ। रामलीला के कलाकारों ने भगवान श्रीराम और रावण के बीच हुए युद्ध के प्रसंग का प्रभावशाली मंचन किया। इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के तहत रावण दहन की तैयारी की गई। जैसे ही भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के स्वरूप मंच पर पहुंचे, उपस्थित श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयकारों के साथ उनका स्वागत किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के स्वरूप के साथ प्रतीकात्मक रूप से तीर चलाकर 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया। रावण दहन होते ही उपस्थित जनसमूह ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ उत्सव का आनंद लिया। इस दौरान बच्चों, युवाओं और परिवारों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
विजयादशमी के इस आयोजन ने शहर में धार्मिक और सांस्कृतिक उत्साह का वातावरण निर्मित किया। रावण दहन के माध्यम से लोगों को सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने तथा बुराइयों का त्याग करने का संदेश दिया गया। आयोजन में समिति के सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, पीताम्बर टोपनानी, शशांक श्रीवास्तव, विपिन तिवारी, आशीष गुप्ता, आशीष कंदेले, कार्यक्रम संयोजक अभिषेक ताम्रकार, राजय रजक, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष पारस जैन, वागिश आनंद, सचिन निषाद, महिला मोर्चा अध्यक्ष सपना सरावगी, शिल्पी सोनी, कमलेश पटेल, वीरेंद्र ताम्रकार, निखिल सित्रे, सुरेश साहू, दीपक बिचपुरिया, अंकुश रैकवार, अजय रैदास, विनीत पिपरसानिया एवं सुनील विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।

