Tuesday, November 3, 2026
Latest:
HOMEज्ञान

Indian Govt Schemes: ये हैं भारत सरकार की 10 लोक कल्याणकारी योजनाएं, जानें इनके बारे में विस्तार से

PM Yojana Indian Govt Schemes भारत एक विकासशील देश है। अपने विकसित होने की राह पर उसे अभी कई मोर्चों पर काम करना बाकी है। देश में बड़े पैमाने पर लोग गरीबी, बेरोजगारी और भुखमरी का शिकार हो रहे हैं। इसके अलावा बीते कुछ सालों में असमानता दर में भी एक वृद्धि देखने को मिली है। इसी को देखते हुए भारत सरकार ने कई लोक कल्याणकारी योजनाओं को चला रखा है, जिनका मकसद देश के भीतर व्याप्त समस्याओं को दूर करना है। इसी कड़ी में आज हम भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही उन 10 लोक कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानेंगे –

आत्मनिर्भर भारत रोजगार योजना

इस योजना की शुरुआत 12 नवंबर 2020 को देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने की थी। इस योजना का उद्देश्य देश में रोजगार के अवसर को बढ़ावा देना है, ताकि बढ़ती बेरोजगारी को दूर किया जा सके। कोरोना काल में बढ़ती बेरोजगारी को कम करने के लिए इसकी शुरुआत की गई थी। इसमें उन प्रतिष्ठानों को सब्सिडी दी जाएगी, जो रोजगार के लिए नई भर्तियां करेंगे।

प्रधानमंत्री कुसुम योजना

भारत की अर्थव्यवस्था का एक बड़ा भाग कृषि पर आधारित है। ऐसे में इस योजना की शुरुआत किसानों को ध्यान में रखकर की गई है। इसके अंतर्गत किसानों को खेती की सिंचाई के लिए सौर ऊर्जा से चलने वाले पंप प्रदान किए जाएंगे। भारत में बड़े पैमाने पर किसान सिंचाई के लिए डीजल और बिजली का सहारा लेते हैं। वहीं सोलर पंप के आने के बाद उनका ईंधन पर होने वाले खर्चे में बचत होगी। इस योजना का उद्देश्य किसानों की आय में बढ़ोतरी करना है।

प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना

इसके अंतर्गत देश भर के गरीब नागरिकों को 5 किलो गेहूं या चावल मुफ्त प्रदान किए गए। इसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 30 जून 2020 को की गई थी। कोरोना महामारी के काल में कई लोगों को अन्न से जुड़ी कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इसी समस्या को देखते हुए सरकार द्वारा इस योजना की शुरुआत की गई थी। गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत देश भर के 80 करोड़ गरीब नागरिकों को हर महीने 5 किलो गेहूं और चावल मुफ्त दिए गए

प्रधानमंत्री हेल्थ आईडी कार्ड

इसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 74 वें स्वतंत्रता दिवस पर की गई थी। पीएम मोदी हेल्थ आईडी कार्ड की कार्यप्रणाली बिल्कुल आधार कार्ड जैसी है। इसमें मरीज का पूरा मेडिकल रिकॉर्ड दर्ज होगा। ऐसे में उसको किसी दूसरे कागज या रिकॉर्ड को अपने पास संभालकर रखने की जरूरत नहीं होगी। उसका सारा मेडिकल विवरण इसी कार्ड में स्टोर होगा

आयुष्मान भारत योजना

इस स्कीम के अंतर्गत देश के गरीब नागरिकों को 5 लाख रुपये तक का बीमा कवर मिलता है। ऐसे में गरीब लोगों को अस्पताल में इलाज कराने पर भारी भरकम खर्चे का वहन नहीं करना पड़ेगा।

प्रधानमंत्री अटल पेंशन योजना

अटल पेंशन योजना में देश का कोई भी नागरिक आवेदन कर सकता है। इस स्कीम के अंतर्गत 60 वर्ष की आयु के पूरा होने पर लाभार्थी को मासिक पेंशन मिलती है। इस योजना का मकसद लाभार्थी के भविष्य को सुरक्षित करना और उसको आत्मनिर्भर बनाना है।

अन्त्योदय अन्न योजना

इस योजना के अंतर्गत अंत्योदय राशन कार्ड धारक को प्रतिमाह 35 किलो राशन दिया जाता है। इस योजना का उद्देश्य देश भर के गरीब परिवारों को लाभ पहुंचाना है। इस स्कीम का लाभ गरीब परिवार के साथ साथ दिव्यांगजन भी उठा सकते हैं।

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना

सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत किसान की फसलों को बीमा कवर दिया जाता है। अक्सर देखने को मिलता है कि प्राकृतिक घटनाओं जैसे कि सूखा, बाढ़, भारी बारिश आदि के कारण किसान की फसल बर्बाद हो जाती है। ऐसे में उसको आर्थिक स्तर पर कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस योजना के अंतर्गत किसानों को उनकी फसलों पर 2 लाख रुपये तक का बीमा कवर दिया जाता है। सरकार की ऑफिशियल वेबसाइट पर विजिट करके आप इस स्कीम में आवेदन कर सकते हैं।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना

इस योजना की शुरुआत देश के छोटे और सीमांत किसानों को वित्तीय सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से की गई थी। इस स्कीम के अंतर्गत जिन किसानों के पास 2 हेक्टेयर से कम भूमि है, उनको सालाना सरकार 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देती है। ये राशि सीधे किसानों के बैंक अकाउंट में किस्तों के रूप में ट्रांसफर की जाती है। राशि को 2 हजार रुपये की तीन किस्तों के माध्यम से लाभार्थी किसान के खाते में भेजा जाता है।

 

प्रधानमंत्री रोजगार योजना

इस योजना का उद्देश्य देश के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करना है। इस स्कीम के जरिए केंद्र सरकार बेरोजगार युवाओं को कम ब्याज दर पर व्यवसाय शुरू करने के लिए लोन उपलब्ध कराती है।

 

Anubhav Shukla

Website Developer & Editor with 3 years of experience in regional news reporting and Managing News Website. Mobile: +919425156783 💬 Chat on WhatsApp