Thursday, October 22, 2026
Latest:
राष्ट्रीय

Income Tax: आयकर विभाग 100 रुपये कर संग्रह करने के लिए 57 पैसे करता है खर्च

Income Tax: आयकर विभाग 100 रुपये कर संग्रह करने के लिए 57 पैसे करता है खर्च आयकर संग्रह पर सबसे कम खर्च करने वाले देशों में भारत शामिल है। आयकर विभाग, हैदराबाद के मुख्य आयुक्त शिशिर अग्रवाल ने बताया कि भारत में 100 रुपये का आयकर संग्रह करने के लिए 57 पैसे खर्च करने पड़ते हैं। अग्रवाल तेलंगाना वाणिज्य और उद्योग चैंबर (एफटीसीसीआई) की ओर से आयोजित ‘ व्यापार और उद्योग के लिए आम बजट 2023-24 के बाद निहितार्थ ‘ पर आयोजित एक सेमिनार को संबोधित कर रहे थे।

 

एक विज्ञप्ति में उनके बयान के हवाले से बताया गया कि हम 100 रुपये का आयकर जुटाने के लिए सिर्फ 57 पैसे खर्च करते हैं। हम इसपर सबसे कम खर्च करने वाले देशों में हैं। ब्रिटेन 100 रुपये आयकर संग्रह के लिए 73 पैसे, जापान 174 पैसे, जर्मनी 135 पैसे, कनाडा 150 पैसे और फ्रांस 111 पैसे खर्च करता है। सिर्फ अमेरिका ही कर संग्रह करने के लिए हमसे कम खर्च करता है।

संसद में बुधवार को पेश आम बजट पर उन्होंने कहा कि यह विकासोन्मुख बजट है और इसे भारत सरकार की नीतियों और 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखकर पेश किया गया है। एफटीसीसीआई के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वैश्विक मंदी और धीमी वृद्धि दर को ध्यान में रखते हुए जन-केंद्रित बजट पेश किया है।

Anubhav Shukla

Website Developer & Editor with 3 years of experience in regional news reporting and Managing News Website. Mobile: +919425156783 💬 Chat on WhatsApp