Friday, October 30, 2026
Latest:
Corona newsHOME

Corona से सावधान! भिंड से दुबई जाने के निकला युवक दिल्ली पहुंचने पर पता लगा कोरोना पॉजिटिव है

भिंड। जिले में 107 दिन बाद फिर से कोरोना पाजीटिव मिला है। पाजीटिव आया युवक गोरमी कस्बे के सुजानपुरा गांव का रहने वाला है। वह मर्चेंट नेवी में सैनिक है। दो माह पहले दुबई से छुट्टी लेकर घर आया था। युवक ने ग्वालियर की निजी लैब में जांच कराई थी, जहां रिपोर्ट पाजीटिव आई है। खास बात यह है कि रिपोर्ट आई तब युवक दुबई वापस जाने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच चुका था, उसे वापस बुलवाकर घर में क्वारंटाइन किया गया है।

सीएमएचओ डा. अजीत मिश्रा ने बताया कि युवक को हल्का जुकाम खांसी है। दो माह पहले वह दुबई से छुट्टी लेकर घर आया था। अब वापस जाने से पहले उसने ग्वालियर में निजी लैब में जांच कराई थी, रिपोर्ट पाजीटिव आई है। सीएमएचओ का कहना है कि कई बार डेड आरएनए भी डिटेक्ट हो जाता है। ऐसे में वे शनिवार को दोबारा सैंपल करवाकर जांच के लिए ग्वालियर मेडिकल कालेज भिजवाएंगे।

सैनिक को अब घर में ही क्वारंटाइन कराया गया है। परिवार और आसपास के लोगों सहित तीन लोगों के सैंपल कोरोना की जांच के लिए मेडिकल कालेज भिजवाए गए हैं। सीएमएचओ का कहना है कि कोरोना महामारी से निपटने के लिए उनकी टीम पूरी तरह से अलर्ट है। उन्होंने जिलेभर के लोगों से मास्क और सैनिटाइजर उपयोग करने के लिए कहा है। साथ ही कोविड टीकाकरण करवाने के लिए कहा है।

Anubhav Shukla

Website Developer & Editor with 3 years of experience in regional news reporting and Managing News Website. Mobile: +919425156783 💬 Chat on WhatsApp