Thursday, October 29, 2026
Latest:
KATNI

प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस तिलक महाविद्यालय में ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ का आयोजन सम्पन्न,कानून, मौलिक अधिकारों, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध और नशामुक्ति के प्रति विद्यार्थियों को किया गया जागरूक

तपन निषाद/कटनी-प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कटनी में ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उच्च शिक्षा विभाग एवं मध्यप्रदेश पुलिस विभाग की सामुदायिक पुलिसिंग पहल के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) एवं यूथ रेडक्रॉस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कानून, संविधान, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों, महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, साइबर अपराध, नशामुक्ति और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ कटनी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बाजपेई, डीएसपी हेडक्वार्टर श्री रत्नेश मिश्रा, डीएसपी एजेके एवं सीएसपी श्री अनिमेष द्विवेदी कार्यक्रम में पर्यावरणविद् एवं मानवजीवन विकास समिति के सचिव निर्भय सिंह तथा डॉ. माधुरी गर्ग ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को जागरूक, सजग और सक्रिय रहकर समाज एवं राष्ट्र के विकास में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से रचनात्मक गतिविधियों में सहभागिता करने तथा कानून और संविधान की समझ विकसित करने का आह्वान किया। संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका उत्तर देकर उन्होंने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बाजपेई ने विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों को समझने, कानून के प्रति जागरूक रहने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जिम्मेदार नागरिक के रूप में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में विभिन्न विशेषज्ञों ने कानून, साइबर सुरक्षा, यातायात सुरक्षा एवं सामाजिक दायित्वों से जुड़े विषयों पर जानकारी दी। श्री रत्नेश मिश्रा ने फर्स्ट रिस्पॉन्डर पुलिस, आपातकालीन सेवाओं एवं आपदा प्रबंधन के बारे में बताया। श्री अनिमेष द्विवेदी और श्री अनूप सिंह ने नशामुक्ति, हिंसा निवारण एवं सड़क सुरक्षा पर विचार साझा किए। श्री अखिलेश दहिया ने आपराधिक न्याय व्यवस्था के सिद्धांतों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी दी, जबकि डॉ. के.पी. मिश्रा ने संविधान, कानून की नींव और मौलिक अधिकारों पर प्रकाश डाला।

डॉ. आर.पी. मिश्रा, डॉ. संगीता बसरानी ने समावेशी समाज, घरेलू हिंसा तथा महिला एवं बाल संरक्षण से संबंधित विषयों पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। श्री विभांशु कोरी एवं श्री सत्येंद्र सिंह ने साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल नागरिकता और इंटरनेट के जिम्मेदार उपयोग के बारे में बताया। श्री सागर पटेल ने एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक दृष्टिकोण एवं दायित्वों पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में मानवजीवन विकास समिति के सचिव निर्भय सिंह, डॉ जयप्रकाश अवस्थी ने मानसिक स्वास्थ्य, शैक्षणिक तनाव प्रबंधन एवं आत्महत्या रोकथाम से संबंधित विषयों पर भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया गया। विशेषज्ञों ने मानसिक संतुलन बनाए रखने, तनाव से निपटने और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के महत्व को रेखांकित किया।

कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. माधुरी गर्ग ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. सरदार दिवाकर ने किया। इस अवसर पर एनकेजे थाना प्रभारी श्री रूपेंद्र राजपूत, प्रो. विनय वाजपेई, प्रो. जी.एम. मुस्तफा, डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह, डॉ. राजकुमार, डॉ लक्ष्मी द्विवेदी सहित महाविद्यालय के एनएसएस, एनसीसी एवं खेल गतिविधियों से जुड़े बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अगले चरण में 30 अक्टूबर को विद्यार्थियों को एनकेजे थाना का भ्रमण कराया जाएगा, जहां उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली एवं आपराधिक मामलों से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी।

Anubhav Shukla

Website Developer & Editor with 3 years of experience in regional news reporting and Managing News Website. Mobile: +919425156783 💬 Chat on WhatsApp