HOME

पीड़ितों की सहायता के लिए BJP प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने जारी किया टोल फ्री नंबर

भोपाल। कोरोना महामारी से पीड़ित व्यक्तियों, उनके परिवारों की सहायता के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा के निर्देशानुसार भारतीय जनता पार्टी ने पूरे प्रदेश में सेवा ही संगठन अभियान-2 शुरू किया है। थोड़े से समय में ही पार्टी का यह अभियान खासी रफ्तार पकड़ चुका है। इसी अभियान के अंतर्गत बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष व सांसद  विष्णुदत्त शर्मा ने भोपाल कलेक्टर श्री अविनाश लवानिया को ‘सरोकार’ संस्था द्वारा उपलब्ध कराई गई 40 ऑक्सीजन जनरेटर मशीनें सौंपीं, तो वहीं पीड़ितों की मदद के लिए एक टोल फ्री नंबर भी जारी किया। पीड़ितों की मदद के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा एक कॉल सेंटर भी स्थापित किया गया है।

पीड़ितों की सहायता में जुट जाएं कार्यकर्ता

 इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद  विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि गत वर्ष भी कोविड संकट के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पीड़ितों की सेवा की मिसाल कायम की थी और इस वर्ष भी राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा जी के निर्देश पर महामारी से प्रभावित व्यक्तियों की सहायता के लिए ‘सेवा ही संगठन अभियान-2 ’ शुरू किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत पार्टी कार्यकर्ता लोगों की हर तरह से सहायता कर रहे हैं। श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा ने जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के डॉ. अभिजीत देशमुख के नेतृत्व में एक कॉल सेंटर स्थापित किया है, जिसका नंबर 0755-6101112 है। इस नंबर पर कॉल करके लोग आवश्यक जानकारी, परामर्श और सहायता ले सकते हैं। इसके अलावा एक टोल फ्री नंबर 18001216557 भी जारी किया गया है। श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक संभाग मुख्यालय पर ऐसे ही नंबर जारी किए जाएंगे, जिन पर कॉल करके कोई भी व्यक्ति सहायता प्राप्त कर सकता है।

ऑक्सीजन संकट दूर करने गंभीरता से काम कर रहे सरकार और कार्यकर्ता

 प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि आक्सीजन की समस्या को समाप्त करने के लिए प्रदेश सरकार गंभीरता से काम कर रही है। बीना रिफाइनरी में आक्सीजन की उपलब्धता है।  वहां 1 हजार बेड का कोविड सेंटर बनाकर अस्पताल खोलने का काम चल रहा है। साथ ही खण्डवा, शिवपुरी, उज्जैन, सिवनी में आक्सीजन प्लांट लगाने की  तैयारी पूरी हो गयी है। जबलपुर, रतलाम, मंडला, मुरैना में भी काम चल रहा है। श्री शर्मा ने कहा कि पार्टी के कई कार्यकर्ता भी अपनी तरफ से इस संकट को दूर करने का प्रयास कर रहे हैं। इन कार्यकर्ताओं में  जगदीश देवड़ा, गोपाल भार्गव, यशोधराराजे सिंधिया, गिरीश गौतम, राजेन्द्र शुक्ला, संजय पाठक, जीतू जिराती,  दिलीप परिहार, महेन्द्र सोलंकी,  महेन्द्र हार्डिया, यशपाल सिंह सिसौदिया,  सुमित्रा कास्डेकर सहित कई कार्यकर्ता लोगों की मदद और ऑक्सीजन संकट को दूर करने के लिए आगे आएl

ज्यादा से ज्यादा वेक्सीनेशन कराएं कार्यकर्ता

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री श्री मोदी को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के व्यक्तियों के लिए वेक्सीनेशन अभियान को मंजूरी दी है। जिन लोगों ने टीका लगवाया है, वे इस महामारी से ज्यादा प्रभावित नहीं हैं। श्री शर्मा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ लोगों का वेक्सीनेशन कराने में जुट जाएं। वेक्सीनेशन के लिए पहले से जो हेल्प डेस्क चल रही हैं, उन्हें और ताकत से चलाया जाए।

Show More

Related Articles

Back to top button