MADHYAPRADESH

Bhopal में तैनात जेल प्रहरी की पत्नी ने जबलपुर में जहर खाया

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में तैनात जेल प्रहरी की पत्नी ने जबलपुर में जहर खा लिया।

जबलपुर। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में तैनात जेल प्रहरी की पत्नी ने जबलपुर में जहर खा लिया। वह पति की प्रताड़ना से परेशान होकर जबलपुर स्थित मायके में रह रही थी। बावजूद पति जेल प्रहरी उसे लगातार सोशल मीडिया पर मैसेज भेजकर परेशान कर रहा था। महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घमापुर पुलिस ने प्रकरण को जांच में लिया है।

घमापुर पुलिस के मुताबिक गोहलपुर निवासी चंद्र कुमार बजरानी भोपाल में जेल प्रहरी है। उसकी शादी 2016 में घमापुर निवासी काजल बजरानी से हुई थी। शादी कुछ साल तक तो सब कुछ ठीक था, लेकिन अचानक से दोनों के बीच विवाद होने लगा। परेशान होकर काजल बजरानी ने जेल प्रहरी के खिलाफ गोहलपुर थाने में मारपीट व प्रताड़ना की शिकायत दी थी।

इसके बाद से ही काजल अपने मायके में पिता के घर रह रही है।

काजर काे कुछ समय से उसका पति सोशल मीडिया पर मैसेज भेजकर परेशान करने लगा। वह उसके चरित्र पर लांछन लगाने वाली पोस्ट डाल रहा था। पति की हरकतों से परेशान होकर शनिवार को काजल ने मायके में ही जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। काजल ने घमापुर पुलिस को बयान में बताया कि पति द्वारा सोशल मीडिया पर परेशान करने से उसने ये आत्मघाती कदम मजबूरी में उठाया है।

घमापुर टीआई दिलीप श्रीवास्तव के मुताबिक पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते महिला ने आत्मघाती कदम उठाया है। उनके बीच कोर्ट में प्रताड़ना का प्रकरण भी चल रहा है। इसकी शिकायत पूर्व में गोहलपुर थाने में दर्ज हुई थी। महिला के बयान की जांच की जा रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button