Thursday, October 22, 2026
Latest:
राष्ट्रीयविदेश

Manohar Parrikar Airport: गोवा के मनोहर पर्रिकर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरी पहली फ्लाइट, परंपरागत रूप से हुआ स्वागत

Manohar Parrikar Airport: गोवा के मनोहर पर्रिकर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरी पहली फ्लाइट, परंपरागत रूप से हुआ स्वागत गोवा के मोपा में नवनिर्मित मनोहर पर्रिकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार को पहली फ्लाइट उतरी। इंडिगो की इस फ्लाइट से हैदराबाद से गोवा पहुंचे यात्रियों का गाजे बाजे व फूलों से स्वागत किया गया।

इसके साथ ही गोवा में नागरिक हवाई अड्डे से उड़ानें शुरू हो गई। इससे पहले नौसेना के एयरपोर्ट से सभी उड़ानें संचालित होती थीं। मनोहर एयरपोर्ट पर इंडिगो की फ्लाइट आज सुबह 9 बजे उतरी। मोपा जिला उत्तरी गोवा में स्थित है। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक व गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन खौंटे भी मौजूद थे। नए टर्मिनल भवन में उन्होंने यात्रियों का स्वागत किया।

नाइक और खौंटे ने इंडिगो की एक अन्य उड़ान से हैदराबाद जा रहे यात्रियों को प्रतीकात्मक डमी बोर्डिंग पास दिए। इस हवाईअड्डे से जाने वाली यह पहली उड़ान होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 11 दिसंबर 2022 को नए हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन किया था। इसके साथ ही गोवा में दो अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे हो गए हैं। नया हवाईअड्डा दक्षिणी गोवा स्थित डेबोलिम हवाईअड्डे से लगभग 50 किलोमीटर दूर है। डेबोलिम हवाई अड्डा भारतीय नौसेना के एयर स्टेशन आईएनएस हंसा में स्थित है।

पूर्व रक्षा मंत्री पर्रिकर के नाम रखा

गोवा के इस नए हवाई अड्डे का नाम पूर्व रक्षा मंत्री और गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत मनोहर पर्रिकर के नाम पर रखा गया है। एक अधिकारी ने बताया कि मोपा हवाई अड्डे का पहला चरण 2,870 करोड़ रुपये में तैयार हुआ। यहां से हर साल लगभग 44 लाख लोग यात्रा करेंगे। गोवा के इस नए एयरपोर्ट में सौर ऊर्जा संयंत्र, ग्रीन बिल्डिंग, रनवे पर एलईडी लाइटें, वर्षा जल संरक्षण के इंतजाम समेत तमाम अत्याधुनिक सुविधाएं जुटाई गई हैं।

Anubhav Shukla

Website Developer & Editor with 3 years of experience in regional news reporting and Managing News Website. Mobile: +919425156783 💬 Chat on WhatsApp