Friday, October 23, 2026
Latest:
HOMEMADHYAPRADESH

ब्यावरा में टोल मांगने पर दुपट्‌टा खींचा, महिला टोल कर्मी ने भी चप्पलों से की धुनाई

ब्यावरा में BJP नेता और ब्यावरा जनपद अध्यक्ष के भतीजे ने टोल मांगने पर महिलाकर्मी को थप्पड़ जड़ दिया। आरोप है कि उसने महिलाकर्मी से गाली गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी। महिलाकर्मी ने भी आरोपी की चप्पल से पिटाई कर दी। मामला शनिवार दोपहर में ब्यावरा-भोपाल बाइपास स्थित कचनारिया टोल का है। इसका वीडियो रविवार को सामने आया है। आरोपी दोबारा साथियों के साथ लौटा और टोल पर तोड़फोड़ की।

साथियों के साथ फिर मुझे मारने आया

टोल प्लाजा महिला कर्मी अनुराधा दांगी ने बताया- मैं शनिवार दोपहर 3.42 बजे बूथ नंबर 5 पर बैठी हुई थी। उसी समय राजकुमार गुर्जर अल्टो 800 कार से आया। जिस प्रकार सभी वाहनों को रोका जाता हैं, उसी तरह मैंने उनकी गाड़ी भी रोकी। उन्होंने बोला मैं लोकल का हूं। इस पर मैंने उनका आधार कार्ड मांगा। उन्होंने आधार कार्ड न दिखाते हुए मुझे ही थप्पड़ मार दिया। मेरा दुपट़्टा भी खींचा। मुझे जान से मारने की धमकी दी। थोड़ी देर बाद वह अपने और साथियों के साथ मुझे मारने आया। मैं टोल नाके से चली गई थी। उसने टोल प्लाजा पर उपद्रव मचाया और तोड़फोड़ की।

आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

आरोपी भाजपा नेता व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसवंत गुर्जर और वर्तमान ब्यावरा जनपद अध्यक्ष जगदीश गुर्जर का भतीजा बताया जा रहा है। पीड़ित महिला ने ब्यावरा देहात थाने में राजकुमार के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। थाना प्रभारी रामकुमार रघुवंशी ने बताया कि आरोपी राजकुमार गुर्जर के खिलाफ मारपीट के साथ जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया है। पुलिस उसे तलाशने में जुटी हैं।

Anubhav Shukla

Website Developer & Editor with 3 years of experience in regional news reporting and Managing News Website. Mobile: +919425156783 💬 Chat on WhatsApp