Friday, October 23, 2026
Latest:
KATNI

ट्रांसपोर्ट नगर में एनओसी के बदले मांगी रिश्वत, 20 हजार लेते नगर निगम का लिपिक रंगे हाथ गिरफ्तार,बैंक लोन के लिए एनओसी जारी करने के एवज में मांगे थे 25 हजार रुपये, लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने की कार्रवाई

तपन निषाद/कटनी- ट्रांसपोर्ट नगर में निर्माण कार्य के लिए बैंक लोन लेने के उद्देश्य से नगर निगम की एनओसी जारी करने के बदले रिश्वत मांगने वाले नगर निगम के लिपिक को लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने शुक्रवार को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी लिपिक की पहचान आलोक गर्ग के रूप में हुई है। लोकायुक्त टीम आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रांसपोर्टर अशोक कनकने को ट्रांसपोर्ट नगर पुरैनी में प्लॉट नंबर 137 आवंटित है। प्लॉट पर निर्माण कार्य कराने के लिए उन्होंने बैंक से ऋण लेने के लिए आवेदन किया था। बैंक प्रबंधन ने ऋण स्वीकृत करने की प्रक्रिया में नगर निगम की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मांगी थी। एनओसी प्राप्त करने के लिए अशोक कनकने नगर निगम की संपदा शाखा में पदस्थ लिपिक आलोक गर्ग के पास पहुंचे।
आरोप है कि एनओसी जारी करने के एवज में लिपिक ने उनसे 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर ट्रांसपोर्टर ने लोकायुक्त जबलपुर में इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले का सत्यापन कराया गया और इसके बाद आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया।
शुक्रवार को योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त की टीम मौके पर पहुंची। जैसे ही शिकायतकर्ता अशोक कनकने ने आरोपी लिपिक को 20 हजार रुपये की राशि दी, टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी को सिविल लाइन स्थित रेस्ट हाउस ले जाया गया, जहां उसके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद नगर निगम में रिश्वतखोरी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। लोकायुक्त टीम मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

Anubhav Shukla

Website Developer & Editor with 3 years of experience in regional news reporting and Managing News Website. Mobile: +919425156783 💬 Chat on WhatsApp