Monday, November 2, 2026
Latest:
बॉलीवुड

The dirty Picture’ में शकीला का किरदार करने वालीं अभिनेत्री की नहीं हुई हत्या, कोलकाता पुलिस ने बताई ये वजह

विद्या बालन के साथ फिल्म ‘द डर्टी पिक्चर’ में शकीला का किरदार करने वालीं अभिनेत्री आर्या बनर्जी का बीते शुक्रवार को निधन हो गया। उनका शव कोलकाता स्थित उनके घर में मिला। आर्या घर में अकेली रहती थीं। आशंका जताई जा रही थी कि क्या उनकी हत्या हुई है लेकिन कोलकाता पुलिस ने इन वजहों को खारिज कर दिया है। पुलिस ने उनके निधन की असली वजह बताई है।

आर्या के घर काम करने वाली महिला जब सुबह उनके घर पहुंचीं तो दरवाजा नहीं खोलने पर पुलिस को सूचना दी गई थी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर आर्या का शव बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अब ऑटोप्सी रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने बताया है कि आर्या की हत्या करने जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ‘आर्या ने काफी मात्रा में शराब का सेवन कर लिया था। डॉक्टर्स का कहना है कि उन्हें कार्डियक अटैक आया होगा।‘

शनिवार को कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि ‘डॉक्टर्स ने आर्या बनर्जी की हत्या होने की बात से इनकार किया है। संभावना जताई गई है कि अभिनेत्री को कार्डियक अटैक आया है। जिसकी वजह से वह मदद मांगने के लिए चलने की कोशिश कर रही होंगी और गिर गई होंगी।‘

पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने जानकारी दी कि ‘आर्या के शव के पास पाया गया खून गिरने की वजह से बहा है। उनके पेट में लगभग दो लीटर शराब मिली है। वह अपने मुंह के बल गिरी थीं। ऐसे में उन्हें चोट लगी और खून निकलने लगा।’

बता दें कि आर्या का घर दक्षिण कोलकाता के जोधपुर पार्क में स्थित है। 33 वर्षीय आर्या के घर से कई शराब की बोतलें बरामद हुई थीं। वह मशहूर बंगाली सितारवादक निखिल बंदोपाध्याय की बेटी थीं। आर्या को सबसे पहले दिबाकर बनर्जी की फिल्म ‘लव, सेक्स और धोखा’ में मृगनयना बिस्वास के किरदार में देखा गया था। इसके बाद वर्ष 2011 में वह शकीला के किरदार में विद्या बालन की फिल्म ‘द डर्टी पिक्चर’ में नजर आईं। उन्होंने एपिसोड धारावाहिक ‘सावधान इंडिया’ में भी थोड़ा बहुत काम किया। तब से फिर वह फिल्म इंडस्ट्री से दूर ही थीं।

 

 

Anubhav Shukla

Website Developer & Editor with 3 years of experience in regional news reporting and Managing News Website. Mobile: +919425156783 💬 Chat on WhatsApp