
इंदौर। बाणगंगा पुलिस ने कटनी में ट्रिपल हत्याकांड में फरार हुए आरोपी को सोमवार को पकड़ा है। उसे पकड़कर कटनी पुलिस के सुपुर्द किया गया है। आरोपी यहां रहकर मजदूरी करने लगा था। फिलहाल उसे पुलिस अपने साथ ले गई। आरोपी पर 20 हजार का ईनाम भी घोषित था। टीआई राजेन्द्र सोनी के मुताबिक कटनी में अस्पताल में ईलाज के दौरान ट्रिपल मर्डर में विचाराधीन कैदी फरार हो गया था। उसके खिलाफ विजय राघवगढ़ ट्रिपल हत्या में केस दर्ज था। इस मामले में पुलिस को जानकारी लगी थी कि आरोपी देवीसिंह उर्फ अजयसिंह पिता शंकरसिंह लोधी निवासी ग्राम भवाटी थाना सनोदा जिला सागर इंदौर में बाणगंगा इलाके में एक घर में किराए से रह रहा है ओर यहां मजदूरी कर अपना काम चला रहा है। कटनी पुलिस से मिले हुलिए के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ा। कटनी पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले से 5 सालो से जेल में सजा काट रहा था। करीब एक माह पहले उसकी तबीयत खराब हुई थी। उसे अस्पताल में इस दौरान भर्ती किया गया था। जिसमें वह 10 सितंबर को चकमा देकर फरार हो गया था।








