News24you

News you are looking for

शादी के पंडाल पर गिरा हाईटेंशन तार, चार की मौत, दूल्हे के पिता समेत तीन लोग झुलसे

Prisoner With Call Girl In Hospital: कैदी ने बुलाई कॉलगर्ल, अस्‍पताल में मचा हड़कंप

सीतापुर। आंधी की वजह से शादी का पंडाल उखड़ गया और लोहे का पाइप हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। हादसे से वर-वधु पक्ष में कोहराम मच गया।

इस घटना में दूल्हा विकास पाल के चाचा मायाराम, फूफा राधे, मामा रामअौतार समेत कुल चार लोगों की मौत हो गई है। कन्या पक्ष से उसके परिवार के एक व्यक्ति रामचंद्र की करंट से मौत हुई है।

घटना में झुलसे तीन अन्य लोगों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। इस तरह हाईटेंशन करंट की चपेट में आए कुल सात लोगों में छह की मौत हो गई है।

यह दर्दनाक हादसा शुक्रवार देर रात थाना कमलापुर क्षेत्र में सीता रसोई के पास हनुमानपुर गांव में हुआ। यहां राजेंद्र पाल की बेटी की बारात बिसवां के मोचकलां गांव से आई थी। राम प्रताप पाल अपने बेटे विकास पाल की बारात लेकर समय से राजेंद्र पाल के दरवाजे पहुंच भी गए थे। द्वारचार की रस्में पूरी हो चुकी थी।

इसी बीच मौसम खराब हुआ और तेज आंधी के बीच बूंदाबांदी शुरू हो गई। आंधी की वजह से शादी का पंडाल उखड़ गया और लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया, इससे पाइप में करंट उतर आया और उसकी चपेट में आकर चार लोगों की झुलसकर मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

घटना की सूचना पाकर रात में ही गांव पहुंचे कमलापुर थानाध्यक्ष संजय कुमार घायलों को इलाज के लिए कसमंडा सीएससी लाए थे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद भी हालत गंभीर देख कर डॉक्टरों ने इन सभी को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था। वहीं, जिला अस्पताल में प्रारंभिक इलाज के दौरान ही इमरजेंसी में चार लोगों ने दम तोड़ दिया है।

करंट से इनकी हुई मौत: बिसवां इलाके के मोचकला निवासी मायाराम, इसरीपुरवा निवासी राधे (52), मानपुर के गोवर्धनपुर निवासी रामऔतार (38), कमलापुर के हनुमानपुर निवासी रामचन्द्र (40) की मौत हो गई। इन मृतकों में दूल्हा के चाचा मायाराम, फूफा राधे और मामा राम अौतार हैं। दूल्हे का चाचा मायाराम क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) था।

दूल्हे के पिता समेत तीन लोग झुलसे: दूल्हा विकास पाल के पिता रामप्रताप पाल और रिश्तेदार अटरिया के टिकौली निवासी अजय, लखनऊ के इटौंजा क्षेत्र के इंदौरा गांव के भगवती पाल गम्भीर रूप से झुलसे हैं। इनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जिला अस्पताल पहुंचे डीएम-एसपी ने पीड़ित परिवारों को बनाया ढाढस

घटना की सूचना मिलते ही डीएम विशाल भारद्वाज, एसपी आरपी सिंह, शहर कोतवाल टीपी सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। डीएम एसपी ने अस्पताल में भर्ती झुलसे लोगों का हालचाल जाना और सीएमएस डॉ. अनिल अग्रवाल को सभी का बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, इमरजेंसी के डॉक्टर ने बताया कि घायलों का इलाज हो रहा है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।