Monday, November 2, 2026
Latest:
Corona newsHOME

लॉकडाउन की तरफ बढ़ रही दिल्ली ? एक दिन में कोरोना के 180 नए केस,

राजधानी दिल्ली में कोरोना (COVID-19) के मामलों में वृद्धि का दौर लगातार जारी है। शुक्रवार को दिल्ली में कोरोना के 180 नए मरीज मिलने के बाद यहां संक्रमितों का कुल आंकड़ा 14.42 लाख के पार पहुंच गया है। इसके साथ ही पॉजिटिविटी दर भी बढ़कर 0.29 फीसदी पर आ गई है। एक्टिव केस भी एक बार फिर से बढ़कर 800 के करीब पहुंच गए हैं। हालात को देखते हुए एक बार फिर से दिल्ली में पाबंदियां बढ़ाने और लॉकडाउन लगाने की संभावनाएं बढ़ती जा रही हैं।

दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार को जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, बीते 24 घंटे में जहां कोरोना के 180 नए मरीज मिले हैं, जो 16 जून के बाद सबसे ज्यादा हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि आज संक्रमण से किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई।

दिल्ली में आज 82 लोग कोरोना मुक्त होकर अपने घरों को भी लौट गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि दिल्ली में अब तक संक्रमितों की कुल संख्या 14,42,813 हो गई है। राजधानी में अब कोरोना वायरस संक्रमण के एक्टिव केस भी एक बार फिर से बढ़कर 782 हो गए हैं। वहीं, अब तक कुल 14,16,928 मरीज इस महामारी को मात देकर कोरोना मुक्त हो चुके हैं। इसके साथ ही अब तक मरने वालों की संख्या 25,103 हो गई है।

दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, आज दिल्ली में कुल 62,697 टेस्ट किए गए हैं। इनमें से 57,583 आरटीपीआर/ सीबीएनएएटी / ट्रूनैट टेस्ट और 5,114 रैपिड एंटीजन टेस्ट किए गए। दिल्ली में अब तक कुल 32,28,9000 जांचें हुई हैं और प्रति 10 लाख लोगों पर 16,99,421 टेस्ट किए गए हैं। इसके साथ ही कंटेनमेंट जोन की संख्या भी फिर से बढ़कर 207 हो गई है।

ओमिक्रॉन मरीजों के मामले में दिल्ली दूसरे स्थान पर

स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि देश में अब तक कोविड के नए ओमिक्रॉन वैरिएंट के 17 राज्यों में कुल 358 मामले सामने आए हैं, जिनमें 114 मरीज संक्रमण से मुक्त हो गए हैं। महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के सर्वाधिक 88 मामले सामने आएं हैं। वहीं, दिल्ली में 67 और तेलंगाना में 38 मरीज ओमिक्रॉन से संक्रमित मिले हैं।

दिल्ली में सभी पात्र लोगों को टीके की पहली डोज दिए जाने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने महामारी के खिलाफ लड़ाई में स्वास्थ्य कर्मियों और अग्रिम मोर्चे के कार्यकर्ताओं की शुक्रवार को प्रशंसा की। केजरीवाल ने ट्वीट किया, ”दिल्ली में पात्र लोगों को टीके की पहली खुराक लग गई — 148.33 लाख। चिकित्सकों, एएनएम, शिक्षकों, आशा, सीडीवी और अग्रिम मोर्चा के सभी कार्यकर्ताओं को सलाम। सभी डीएम, सीडीएमओ, डीआईओ और सभी जिले के पदाधिकारियों को बधाई।”

Anubhav Shukla

Website Developer & Editor with 3 years of experience in regional news reporting and Managing News Website. Mobile: +919425156783 💬 Chat on WhatsApp