HOMEMADHYAPRADESH

युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे धीरज पटेरिया पुनः हुए भाजपा में शामिल

मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने दिलायी पार्टी की सदस्यता

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश शासन के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा एवं वरिष्ठ नेता रघुनंदन शर्मा के समक्ष सोमवार को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में वरिष्ठ नेता धीरज पटैरिया ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने धीरज पटैरिया का घर वापसी कर अंगवस्त्र पहनाया और मिष्ठान्न खिलाकर पार्टी में स्वागत किया। इस दौरान जबलपुर के आशीष साहू ने भी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान मंच पर गौ पालन एवं पशु संवर्धन बोर्ड के उपाध्यक्ष अखिलेश्वरानंद गिरी, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, पार्टी के जबलपुर जिला अध्यक्ष प्रभात साहू उपस्थित थे। मंच का संचालन पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं प्रदेश कार्यालय प्रभारी भगवानदास सबनानी ने किया।

हम सभी को भाजपा सरकार बनाने में जुटना है : शिवराजसिंह चौहान

मुख्यमंत्री  शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि वर्षों से भाजपा के लिए समर्पित कार्यकर्ता रहे धीरज पटैरिया का पार्टी के मूल परिवार में स्वागत करता हूं। युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे श्री पटैरिया ने मेरे साथ मिलकर पार्टी के काम को आगे बढाया है। भाजपा परिवार में उनका स्वागत है। श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव के युद्ध का नगाडा बज गया है। सेनाएं आमने-सामने है। इसलिए हम सभी को मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने में जुटना है। कार्यकर्ताओं को परिश्रम की पराकाष्ठा कर जबलपुर जिले की सभी विधानसभा सीटों को जीतना हमारा संकल्प है।

घर वापसी का विशेष आनंद और उत्साह : विष्णुदत्त शर्मा

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि घर वापसी का अपना विशेष आनंद और उत्साह होता है। युवा मोर्चा के अध्यक्ष रहे धीरज पटैरिया ने अथक मेहनत और परिश्रम से युवा मोर्चा को आगे बढ़ाने का काम किया। परिस्थितिवश वे पार्टी से दूर हुए परंतु आज पुनः अपने पार्टी परिवार में प्रवेश कर रहे है, मैं उनका भारतीय जनता पार्टी में स्वागत करता हूं और उन्हें बधाई देता हूं। हम सभी मिलकर पार्टी को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। श्री शर्मा ने इस दौरान जबलपुर में हारी हुई सीटों पर विजयश्री दिलाने का कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाया।

वरिष्ठ नेता रघुनंदन शर्मा ने कहा कि हमें सैनिक बनकर मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को विजयश्री दिलाना है। प्रदेश में चुनाव की बिगुल बज गयी है। हम सभी को साथ मिलकर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाने के लिए कृतसंकल्पित होना है।

धीरज पटैरिया ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के समक्ष मेरी घर वापसी हुई है। मैंने वर्षो तक विभिन्न पदों पर रहकर पार्टी की सेवा की है। भारतीय जनता पार्टी मेरा जीवन है। मैं पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करता हॅू। उन्होंने कहा कि पार्टी मुझे जो दायित्व देगी उस पर खरा उतरूंगा और प्रदेश में सरकार बनाने के लिए जुटेंगे।

Show More

Related Articles

Back to top button