Saturday, November 21, 2026
Latest:
HOME

रिमझिम फुहारों के बीच निकली गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की भव्य शोभायात्रा, जयकारों से गूंजा शहर पंच प्यारों की अगुवाई और श्री गुरु ग्रंथ साहिब की सरपरस्ती में निकली पालकी साहिब की सवारी, जगह-जगह पुष्पवर्षा कर हुआ भव्य स्वागत

तपन निषाद/कटनी-सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर शनिवार को कटनी में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। रिमझिम बारिश की फुहारों के बीच शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गुरु महाराज के जयकारों और गुरुवाणी के मधुर कीर्तन से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में सिख समाज के महिला-पुरुष, युवा और बच्चे शामिल हुए। जगह-जगह विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का आत्मीय स्वागत किया और संगत को प्रसाद वितरित किया।
शोभायात्रा का शुभारंभ बरही रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब से हुआ। श्री गुरु ग्रंथ साहिब की सरपरस्ती में तथा पंच प्यारों की अगुवाई में निकली शोभायात्रा में आकर्षक ढंग से सुसज्जित पालकी साहिब विशेष आकर्षण का केंद्र रही। पालकी साहिब को रंग-बिरंगे फूलों और विद्युत झालरों से भव्य रूप से सजाया गया था। पालकी साहिब में विराजमान श्री गुरु ग्रंथ साहिब के दर्शन के लिए श्रद्धालु रास्ते भर आतुर नजर आए। रागी जसवंत सिंह एवं उनके साथी मधुर गुरुवाणी और कीर्तन प्रस्तुत करते हुए चल रहे थे। कीर्तन की स्वर लहरियों और वाहेगुरु के जयकारों से वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंग गया।
गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ हुई शोभायात्रा ओवरब्रिज के नीचे से होते हुए हीरागंज, गर्ग चौराहा, घंटाघर, झंडा बाजार, शेर चौक, आजाद चौक, मिशन चौक और सुभाष चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों से निकली। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह आकर्षक सजावट और विद्युत रोशनी की व्यवस्था की गई थी। विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर पालकी साहिब का स्वागत किया। कई स्थानों पर संगत के लिए प्रसाद एवं जलपान की व्यवस्था भी की गई।
शोभायात्रा के दौरान युवाओं ने पारंपरिक करतब और हैरतअंगेज प्रदर्शन कर लोगों को आकर्षित किया। मार्ग में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने गुरु महाराज के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। बारिश की हल्की फुहारें भी श्रद्धालुओं के उत्साह और उमंग को कम नहीं कर सकीं। पूरे मार्ग में श्रद्धा और सेवा का भाव दिखाई दिया।
शोभायात्रा वापस गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर संपन्न हुई। यहां आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया गया। प्रकाश पर्व को लेकर पूरे सिख समाज में विशेष उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।
इनकी रही सहभागिता
शोभायात्रा में गुरचरण सिंह खुराना, तेजपाल सिंह भाटिया, अवतार सिंह टुटेजा, सोनू खुराना, सतवीर सिंह भाटिया, जसप्रीत सिंह लांबा, बाबू ग्रोवर, पार्षद मौसूफ अहमद, बिट्टू, इकबाल सलूजा, अमनदीप सिंह भाटिया, रिंकी खालसा, लकी खालसा, संतोख सिंह भट्टी, नीटू नारंग, हरप्रीत सिंह ग्रोवर, जसपाल सिंह मठारू, हरभजन सिंह खालसा, अनुज आनंद, अरुण चक्रवर्ती, रवि गंगवानी, भीषम चेलानी, आकाश लालवानी सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक, महिलाएं एवं युवा शामिल रहे।

Tapan Nishad

Tapan Nishad serves as the Senior Editor at News24you. With extensive experience in journalism and regional news coverage, he ensures that every story published on News24you adheres to the highest standards of fact-checking, accuracy, and editorial integrity before going live Contect: 7000052502 & 9993322038