HOMEMADHYAPRADESH

भारत माता को परम वैभव तक पहुंचाने के लिए 150 सीटें जीतकर कांग्रेस को करें परास्त : अमित शाह

केंद्रीय गृहमंत्री ने किया भारतीय जनता पार्टी के नए सदस्यता अभियान का शुभारंभ

ग्वालियर। मध्यप्रदेश का कार्यकर्ता देवदुर्लभ और अनुभवी कार्यकर्ता है। यहां के कार्यकर्ता के पास लंबा अनुभव है। मध्यप्रदेश के कार्यकर्ता ने चुनाव जीते भी हैं और जिताए भी हैं। आज हम जिस पद पर भी हैं, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता ही हैं। इसलिए यह चुनाव भाजपा के भविष्य का चुनाव है, भारतमाता के वैभव को परम शिखर पर पहुंचाने का चुनाव है। नरेन्द्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाकर करोड़ों गरीबों के जीवन में जनसंघ के दीप के उजियारे को प्रदीप्त करने का चुनाव है। हम सभी को मिलकर चुनाव अभियान में जुटना है। भारतमाता को परम वैभव पर पहुंचाने के लिए इस चुनाव में हमें 150 सीटें जीतकर कांग्रेस को परास्त करना होगा। यह बात केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को ग्वालियर के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की वृहद प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कही। अमित शाह ने इस अवसर पर पार्टी के नए सदस्यता अभियान की शुरुआत भी की।

जब दुनिया में गूंजेंगे भारतमाता के जयकारे, तब पूरा होगा हमारा लक्ष्य

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का विजय अभियान अभी समाप्त नहीं हुआ है। जिस दिन पूरी दुनिया भारत माता के जयकारे लगाएगी, उस दिन यह लक्ष्य पूरा होगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के कार्यकर्ता चुनाव जीतने के लिए बने हैं, क्योंकि विजय आपका स्वभाव है, आपका पराक्रम है और विजय ही आपका लक्ष्य है। हमें लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास करना होगा। मैं गारंटी के साथ आपसे कहता हूं कि 30 साल तक मध्यप्रदेश में पंचायत से पार्लियामेंट तक भाजपा का भगवा परचम लहराता रहेगा।

हनुमान जी की तरह अपनी शक्तियों को पहचानें कार्यकर्ता

केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि ग्वालियर श्रद्धेय राजमाता विजयाराजे सिंधिया जी के पुण्य से सीची हुई भुमि है, जहां एकात्म मानववाद को सबसे पहले पं. दीनदयाल उपाध्याय जी ने प्रतिपादित किया था। यह स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की कर्मभूमि है, यह श्रद्धेय कुशाभाऊ के संगठनात्मक तप की भूमि है। यहां उन्होंने पार्टी का जो बीज बोया था, वह आज वट वृक्ष बन गया है। श्री शाह ने कहा कि आज यहां चार पीढ़ी के कार्यकर्ता बैठे हैं। देश-दुनिया में बहुत कम राजनीतिक पार्टियों के पास ऐसे देवदुर्लभ कार्यकर्ताओं की टीम है। हम सौभाग्यशाली हैं कि हमारे पास चार पीढ़ियों की टीम है। उन्होंने कहा कि एक बार की विजय अगली विजय के उत्साह को पैदा करती है, परंतु बार-बार विजय मिले तो आलस्य पैदा होता है। इसलिए आलस्य को त्यागकर पूरे उत्साह के साथ कार्यकर्ताओं को जुटना होगा। भगवान श्री हनुमान जी की तरह अपनी शक्तियों को पहचान कर अपने बूथ पर पूरे प्राणप्रण से जुटना होगा। उन्होंने कहा कि मैं सिर्फ आपको विजय का संकल्प याद दिलाने आया हूं। मुझे पूरा विश्वास है कि जिस बूथ पर हमारा कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ खड़ा हो जाएगा, वहां भले ही 100 कांग्रेस कार्यकर्ता क्यों न आ जाएं, पटखनी देने के लिए काफी है। यहां पर बैठे सब कार्यकर्ताओं में चुनाव जीतने और जिताने की क्षमता है। आपको कुछ सिखाने की जरूरत नहीं है, सिर्फ स्मरण करने की जरूरत है।

छिंदवाड़ा से करें विजय संकल्प अभियान की शुरुआत

श्री शाह ने कहा कि मध्यप्रदेश में सबसे अधिक चुनाव जीतने का रिकॉर्ड है। पंचायत से लेकर जिला व विधानसभा चुनाव जीतने का अनुभव है। 2019 में 29 में से 28 जिताने वाला कार्यकर्ता मेरे सामने बैठा है। इसलिए संकल्प लें कि लोकसभा चुनाव में इस बार सबसे पहले छिंदवाड़ा की सीट जीतकर विजय संकल्प अभियान की शुरूआत करेंगे। इस संकल्प को अगर हमें सिद्ध करना है तो 2023 में डेढ़ सौ से अधिक सीटें जीतकर भाजपा का भगवा एक बार फिर मध्यप्रदेश में लहराना होगा। हमें चुनाव सरकार बनाने के लिए नहीं जीतना है, बल्कि इसलिए जीतना है ताकि बंढाटार और कमलनाथ की सालों तक चुनाव के बारे में सोचने की हिम्मत न हो। उन्होंने कहा कि हम विजय के अधिकारी हैं, हमें चुनाव लड़ना और लड़ाना आता है। हमारा उद्देश्य पवित्र है, हमारे संकल्प में स्व का भाव नहीं है, हमारा संकल्प गरीब कल्याण है। हमें 150 सीटें जीतने के लिए चुनाव लड़ना है। इतना बड़ा चुनाव लड़ना है तो जोश से नहीं होश से काम करना है। मतदाता सूची के हर पेज से 50 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल करने का चुनाव लड़ना है।

भाजपा के विकास कार्य प्रत्यक्ष हैं:वीडी शर्मा

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीब,वंचित,पिछड़ों और शोषितों को मजबूत बनाकर प्रदेश को सशक्त बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सत्य और तथ्य के साथ भाजपा के विकास कार्य प्रत्यक्ष भी हैं और उनके प्रमाण भी हैं जो आज गृहमंत्री श्री अमित शाह जी ने गरीब कल्याण महाअभियान 2003-2023 के माध्यम से जनता के समक्ष रखे। पत्रकार वार्ता में विवेक तन्खा द्वारा मध्यप्रदेश में महिलाओं और बेटियों की योजनाओं की बात कही गई है लेकिन उन्हें याद रखना चाहिए कि मध्यप्रदेश की ही शिवराज सरकार “लाडली लक्ष्मी योजना“ चला रही है, जिसे देश के कई और राज्यों ने रोड मॉडल के रूप में अपनाया। लेकिन यह बंटाढार और करप्शननाथ को उनके चुनावी चश्मे से नहीं दिखेगा। इतना ही नहीं मध्यप्रदेश की सरकार की “लाडली बहना योजना“ के जरिए प्रदेश की करोड़ों बहनों को 1000 रूपए प्रतिमाह दिये जाते हैं। लेकिन नारी विरोधी कांग्रेस इसे कभी नहीं स्वीकार पाती।

बूथ पर 51 प्रतिशत से ज्यादा वोट लाना ठाकरे जी के चरणों में सच्ची श्रद्धांजलि : हितानन्द 

उन्होंने कहा कि पार्टी ने विशेष सदस्यता अभियान प्रारंभ किया है। इस अभियान से 18 साल से 23 साल के बीच के नव मतदाता, हितग्राही महिला मतदाता सहित अन्य वर्गों को जोड़ने के लिए पार्टी द्वारा विशेष सदस्यता अभियान मिस कॉल नंबर 7000230230 जारी किया गया है। जिसका शुभारंभ आज कार्यसमिति बैठक में केन्द्रीय मंत्री  अमित शाह ने किया है। पार्टी के इस अभियान में पदाधिकारी के साथ ही हर जनप्रतिनिधि को भी जुटना है।  हितानंद ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती पर 25 सितंबर को भोपाल में कार्यकर्ता महाकुंभ का आयोजन होगा।

जन आशीर्वाद यात्रा सितंबर माह में

उन्होंने कहा कि हम सभी जानते हैं कि हर चुनाव के पहले जन आशीर्वाद यात्रा का आयोजन पार्टी के द्वारा किया जाता है। इस बार भी यह आयोजन हो रहा है,इसकी विस्तृत सूचना रूपरेखा आपको प्राप्त होगी। यह उत्साहपूर्ण वातावरण में हो। साज सज्जा और कार्यकर्ता, हितग्राही, मतदाताओं से जनता को इस यात्रा में सहभागी बनाने की पूरी योजना बनाएं। जहां जो साधन संसाधन जुटाने हैं उसके बारे में योजना बने। यह यात्रा समाज में प्रभावी कैसे बने, इसकी पूरी योजना बनाएं। हर बैठक में इसकी चर्चा भी करें। यात्रा की दृष्टि से व्यवस्थाएं,कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने के संबंध में जो सूचनाएं आएगी उसे तत्काल पूरी करें।

Show More

Related Articles

Back to top button