Monday, November 2, 2026
Latest:
बॉलीवुडराष्ट्रीय

जिंदा है शक्तिमान: निधन की खबर का खंडन करते हुए अभिनेता मुकेश खन्ना ने कहा मैं पूरी तरह से स्वस्थ हूं

मुंबई। जाने-माने अभिनेता मुकेश खन्ना की मौत की अफवाहें आज देर शाम से तेजी से फैल रही थीं. मुम्बई के लीलावती अस्पताल में उनके कथित रूप से निधन हो जाने की खबर ने सबको हैरत में डाल दिया था. एक शख्स द्वारा फेसबुक पर उनकी मौत की खबर डालने और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद से मुकेश खन्ना का हालचाल जानने के लिए उनका फोन लगातार बज रहा था. ऐसे में खुद मुकेश खन्ना ने एक वीडियो संदेश के जरिए इस खबर का खंडन कर दिया है.

बी. आर. चोपड़ा की ‘महाभारत’ में भीष्म पितामह का रोल निभाकर मशहूर हुए और फिर सीरियल ‘शक्तिमान’ में टाइटल रोल निभाकर लोकप्रियता की बुलंदियां छूनेवाले मुकेश खन्ना ने अपनी मौत के खंडन से जुड़े इस वीडियो संदेश को मीडिया से साझा किया।

इस वीडियो संदेश में मुकेश खन्ना ने जो कुछ कहा है, वो इस प्रकार है, “मैं ये बताने के लिए आप सभी के सामने आया हूं कि मैं एकदम ठीक हूं. मुझे इस अफवाह का खंडन करने के लिए कहा गया है… जिस किसी ने इस खबर को इस तरह से फैलाया है, मैं उसकी निंदा भी करना चाहता हूं… सोशल मीडिया के साथ ये एक समस्या है. मैं आप सभी को बता दूं कि मैं पूरी तरह से ठीक हूं. आप सभी की दुआएं हैं मेरे साथ और जब आप लोगों की दुआएं किसी के साथ हों तो उसे क्या हो सकता है? मुझे लेकर फिक्रमंद होने के लिए बहुत शुक्रिया… मुझे बहुत सारे फोन आ रहे हैं तो मुझे लगा कि मुझे अपने दर्शकों को बता देना चाहिए कि मैं पूरी तरह से स्वस्थ हूं.”

उल्लेखनीय है कि अमेरिका में रह रहीं मशहूर अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्रि की मौत की खबर भी पिछले दिनों काफी तेजी से फैली थी. ऐसे में खुद मीनाक्षी शेषाद्रि ने अगले दिन सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए अपने जिंदा होने की बात बताई थी.

पिछले हफ्ते अनुपम खेर की कैंसर पीड़ित पत्नी और अभिनेत्री किरण खेर की मौत की अफवाह भी खूब तेजी से फैली थी. ऐसे में अनुपम खेर को देर रात ट्वीट कर इस अफवाह का खंडन करना पड़ा था. बाद में मीडिया से चर्चा में अनुपम खेर ने कहा कि किरण को लेकर आये दिन उड़नेवाली इस तरह की अफवाहें उन्हें मानसिक रूप से काफी परेशान करती हैं।

 

 

 

Anubhav Shukla

Website Developer & Editor with 3 years of experience in regional news reporting and Managing News Website. Mobile: +919425156783 💬 Chat on WhatsApp