HOMEMADHYAPRADESH

Weather Updates मध्‍य प्रदेश में शनिवार से ठंड बढ़ने के आसार

Weather Updates मध्‍य प्रदेश में शनिवार से ठंड बढ़ने के आसार

Weather Updates उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और वातावरण में कुछ नमी आने के कारण मध्‍य प्रदेश के कुछ हिस्‍सों में मध्यम स्तर पर बादल छा रहे हैं। इस वजह से न्यूनतम तापमान में अपेक्षित गिरावट नहीं हो पा रही है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शुक्रवार को पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने की संभावना है। इसके बाद शनिवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट होने के आसार हैं। इससे राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में ठंड बढ़ेगी।

गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री सेल्‍सियस कम रहा। यह बुधवार के अधिकतम तापमान (25.2 डिग्रीसे.) की तुलना में 0.3 डिग्री सेल्‍सियस कम रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में उत्तर भारत में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में बना हुआ है। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश के मध्य भाग में हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है।

जिसके चलते मध्य प्रदेश में ऊपरी स्तर पर हवाओं का रुख दक्षिणी, दक्षिण-पूर्वी हो जाता है। इसके प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से नमी आ जाती है। इससे मध्यम स्तर पर बादल छाने के कारण न्यूनतम तापमान में अपेक्षित गिरावट नहीं हो पा रही है। शुक्ला के मुताबिक शुक्रवार को पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से आगे बढ़ने के आसार हैं। इसके बाद सर्द हवाओं के प्रभाव से शनिवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट होने लगेगी। बता दें कि इस बार नवंबर में भी मौसम के मिजाज के अनुरूप ठंड नहीं पड़ी है। दिसंबर का पहला सप्ताह भी बीत चुका है, लेकिन अपेक्षित ठंड नहीं पड़ी ।

Show More
Back to top button