प्रस्फुटन समितियों को दिया प्रशिक्षण, जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर,हीरापुर कौड़िया सेक्टर में आयोजित हुई क्षमता वर्धन कार्यशाला, पांच गांवों के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा
तपन निषाद/कटनी-मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद विकासखंड कटनी के सेक्टर हीरापुर कौड़िया में शक्ति संचय अभियान के अंतर्गत नवांकुर संस्था साध्वी जन कल्याण समिति द्वारा प्रस्फुटन समितियों की क्षमता वर्धन के लिए सेक्टर स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में सामूहिकता, स्वैच्छिकता, स्वावलंबन और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के साथ ग्राम विकास में समितियों की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सरपंच प्रतिनिधि बीएल पटेल, विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र और रोजगार सहायक आशीष सोनी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र ने मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद के परिचय एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए स्वैच्छिकता, सामूहिकता, स्वावलंबन और जनभागीदारी के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों और जनसहयोग से गांवों के विकास कार्यों को प्रभावी गति दी जा सकती है।
दूसरे सत्र में नवांकुर संस्था की सेक्टर प्रभारी साध्वी निगम ने प्रस्फुटन समितियों के दस्तावेजीकरण, अभिलेख संधारण तथा समितियों को स्वयंसेवी संगठन के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया समझाई। वहीं, तीसरे सत्र में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम की परामर्शदाता भारती बर्मन ने संवाद कौशल की तकनीकों एवं उनकी उपयोगिता पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने रोल-प्ले के माध्यम से प्रतिभागियों को प्रभावी संवाद के तरीके भी सिखाए।
प्रशिक्षण के समापन पर प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि कार्यशाला से प्राप्त जानकारी से उनका आत्मविश्वास और कार्यक्षमता बढ़ी है। उन्होंने समिति के सदस्यों एवं ग्रामवासियों के समन्वय से गांवों में विकास कार्यों को गति देने का संकल्प व्यक्त किया। अतिथियों द्वारा प्रतिभागियों को सहभागिता के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में साध्वी निगम ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यशाला में पांच गांवों की प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, सचिव, सदस्य तथा नवांकुर सखियां शामिल हुईं। आयोजन में विजय यादव, सतीश तिवारी, संतोष बर्मन, आशा बर्मन, संत कुमार सेन, अभिषेक मिश्रा और राजकुमारी चौधरी का विशेष सहयोग रहा।

